केंद्रीय विद्यालय के क्षेत्रीय संगठन के दिशा निर्देश पर डांगुवापोसी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए गुरुवार को रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम द्वारा अंतिम सर्वेक्षण किया गया। केंद्रीय विद्यालय के निर्माण के लिए रनिंग रूम और पुराना शिव मंदिर के सामने के स्थान को सुनिश्चित किया गया। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी चक्रधरपुर श्री माणिक शंकर के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने दक्षिण पूर्व रेलवे मिश्रित मध्य विद्यालय में चल रही शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही विद्यालय में ग्रीष्मकालीन अवकाश होने के कारण कक्षा के बंद कमरों को खुलवा कर यथा स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया गया। श्री माणिक शंकर ने केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से संबंधित प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति के लिए मंडल रेल प्रबंधक की ओर से मुख्य कार्मिक अधिकारी, केंद्रीय विद्यालय रांची, केंद्रीय विद्यालय भुवनेश्वर, मानव संसाधन विकास मंत्रालय नई दिल्ली के पास प्रस्ताव को अंतिम मुहर लगाने के लिए पत्राचार द्वारा ज्ञापन भेजने का निर्णय लिया गया। सर्वेक्षण टीम में एडीएन श्री सौरभ राज़, वेलफेयर इंस्पेक्टर श्री गोपाल दास, श्री रंजीत महतो, आईओडब्ल्यू श्री डी प्रधान, दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस कांग्रेस यूनियन शाखा डांगुवापोसी के सचिव श्री सुभाष मजूमदार आदि शामिल थे। निरीक्षण करने के उपरांत इस बात का भी निर्णय लिया गया कि जबतक केंद्रीय विद्यालय का निर्माण नहीं हो जाता तब तक दक्षिण पूर्व रेलवे मिश्रित मध्य विद्यालय में ही केंद्रीय विद्यालय का संचालन किया जाएगा।
केंद्रीय विद्यालय निर्माण को लेकर स्थल जांच करते अधिकारी।