सेलकर्मी की मौत की जांच के लिए बनाएं कमेटी, करें कार्रवाई: सांसद
भास्कर न्यूज | गुवा
सेलकर्मी स्वर्गीय अशोक प्रसाद के मामला अब राजनीतिक रंग में रंगता जा रहा है। शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के बाद शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद लक्ष्मण गिलुवा गुवा पहुंचे। गुवा पहुंचकर उन्होंने सर्वप्रथम स्वर्गीय अशोक प्रसाद के परिवारवालों से मुलाकात की। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में स्वर्गीय अशोक प्रसाद की मौत के बारे में जानकारी लेने के बाद श्री गिलुवा ने सेल महाप्रबंधक मानस विश्वास के साथ बैठक की। बैठक में श्री गिलुवा ने स्वर्गीय अशोक प्रसाद की मौत के लिए पूरी तरह से अस्पताल प्रबंधन को दोषी माना और इस मामले में उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठन करने की बात कही। इस कमिटी द्वारा दी गई रिपोर्ट को यथाशीघ्र सांसद को उपलब्ध कराने की बात भी सांसद से कही। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं को जानकारी देते हुए श्री गिलुवा ने कहा कि महाप्रबंधक को बता दिया गया है कि दोषियों पर हर हाल में कार्रवाई होनी चाहिए, अन्यथा आंदोलन होगा। इसके अतिरिक्त सेल प्रबंधन से सांसद ने मांग की है कि बिरसा नगर के छूटे बाशिंदो को फिर से सेल बसाये और बहाली भी यथाशीघ्र निकाला जाए। स्वर्गीय अशोक प्रसाद के मामले को लेकर अगले कुछ दिन और बड़े नेताओं के गुवा पहुंचने का कार्यक्रम है।
इसी कड़ी में जल्द ही सरायकेला खरसावां के धाकड़ भाजपा नेता सह आदित्यपुर के मेयर विनोद श्रीवास्तव एवं झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश ठाकुर भी गुवा पहुंचेंगे। इस अवसर पर मुख्य रूप से रामा पांडेय, किशोर प्रसाद, मधुसूदन तुबिद, चतुर्भुज बेहेरा, अंतर्यामी महाकुड़, कमला यादव, संजय बहादुर, किशोर सिंह व अशोक षाड़ंगी आदि मौजूद रहे।
गुवा में बैठक करते सांसद सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा।