डांगुवापोसी रेल आवासीय क्षेत्र के करीब 1 हजार क्वार्टरों को तीन दिनों से पानी नहीं मिल रहा है। जानकारी के अनुसार ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ के सचिव रंजीत कुमार, मेंस कांग्रेस के शाखा सचिव सुभाष मजुमदार व आईडब्लू विभाग की पहल पर सोमवार को दो टैंकर पानी से लगभग 15 हजार लीटर पानी का वितरण कराया गया। प्रत्येक परिवार को 5-5 बाल्टी पानी दिया जा रहा है। ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ के शाखा सचिव रंजीत कुमार ने बताया कि 15 साल बाद डांगुवापोसी में टैंकर से पानी की सुविधा रेलवे कर्मचिरियों को संघ, मेंस यूनियन व आईडब्लू के अथक प्रयास से उपलब्ध कराया गया है। जानकारी हो कि रेलवे क्वार्टरों में तीन दिन से सप्लाई पानी की किल्लत है। जब तक यह समस्या दूर नहीं होगी रेलवे कर्मियों को टैंकर से ही पानी मिलने की संभावना है। तीन दिन से पानी नही आने के संबंध में रंजीत कुमार ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण यह समस्या हुई है। कई बार बिजली पानी की समस्या को लेकर संबंधित विभाग से समाधान की मांग रेलवे संघ संगठन द्वारा होती रही है।