गुवा-डांगुवापोसी में धूमधाम से मना वट सावित्री का व्रत
गुआ/डांगुवापोसी| वट सावित्री का पर्व गुवा में धूमधाम से संपन्न हो गया। मुख्य कार्यक्रम बैंक मोड़ स्थित वट वृक्ष के समीप हुआ। जंहा पुजारी पीके पाणिग्रही ने महिलाओं को वट सावित्री की कथा सुनाई एवं उन्हें पुरे विधि विधान से पूजा पाठ करवाया। इस अवसर पर महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु के लिए व्रत भी रखा। इसके अतिरिक्त स्टेशन कॉलोनी में पुजारी नागेंद्र पाठक ने पूजा अर्चना महिलाओं को करवाई। इसके अलावा योगनगर समेत अन्य जगहों पर भी महिलाओ ने वट सावित्री की पूजा अर्चना की। इधर डांगुवापोसी में अटल सुहाग का व्रत वट सावित्री पूजा बड़े ही विधि विधान से मनाया गया। इस अवसर पर सुहागिन महिलाएं उपवास करके वट वृक्ष की पूजा अर्चना कर, जल, चंदन, रोली, अक्षत, पुष्प, फल, धूप, दीप आदि अर्पण कर कच्चे मौली धागा वृक्ष के तने में लपेट कर सात फेरे लिए। इस अवसर पर पुराने शिव मंदिर और जगन्नाथ मंदिर में व्रतियों ने पूजा अर्चना की और पुजारी जी से सावित्री सत्यवान की कथा सुनी।