श्री दाऊजी क्रिकेट क्लब बनी प्रतियोगिता की सिरमौर
महाराणा प्रताप क्रिकेट क्लब गुढाचंद्रजी के तत्वाधान में कस्बे के खारवालवास के खेल मैदान में चल रही क्रिकेट का फाइनल मुकाबला बुधवार को श्री दाऊजी क्रिकेट क्लब गुढाचंद्रजी व महाराणा प्रताप क्रिकेट क्लब के मध्य खेला गया। खिताबी मुकाबले में श्री दाऊजी क्रिकेट क्लब की टीम ने महाराणा प्रताप क्रिकेट क्लब की टीम को 28 रन से हरा कर प्रतियोगिता के खिताब पर कब्जा कर लिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि कांग्रेस सेवादल के पूर्व प्रवक्ता व कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राघव मीणा ने विजेता टीम को ट्रॉफी व ईनाम देकर सम्मानित किया।
महाराणा प्रताप क्रिकेट क्लब गुढाचंद्रजी के तत्वाधान में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में बुधवार को श्री दाऊजी क्रिकेट क्लब गुढाचंद्रजी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ऑवर में सात विकेट के नुकसान पर 98 रन बना कर महाराणा प्रताप क्रिकेट क्लब को 99 रन का लक्ष्य दिया। महाराणा प्रताप क्रिकेट क्लब की टीम ने सधी हुई शुरूआत के साथ लक्ष्य का पीछा करना शुरू किया लेकिन दाऊजी क्रिकेट टीम की सधी हुई गेंदबाजी व फील्डिंग के कारण महाराणा प्रताप क्रिकेट क्लब की टीम निर्धारित 12 ऑवर में आठ विकेट के नुकसान पर 70 रन ही बना पाई। दाऊजी क्रिकेट टीम की सधी हुई गेंदबाजी व फील्डिंग के कारण महाराणा प्रताप क्रिकेट क्लब की टीम को 28 रन से हरा कर दाऊजी क्रिकेट टीम ने प्रतियोगिता के खिताब पर कब्जा कर लिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि कांग्रेस सेवादल के पूर्व प्रवक्ता व कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राघव मीणा ने विजेता टीम को 51 सौ रुपए नगद व ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 21 सौ रुपए व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतियोगिता की विजेता टीम को हार से अति उत्साही तथा पराजित टीम को हार से निराश नहीं होने की बात कही। उन्होंने खेलों में हार व जीत को खेल का अभिन्न हिस्सा बताया। आयोजन समिति से अतिथियों का साफा व माला पहना कर स्वागत किया। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शेरखान को मैन ऑफ दा सीरीज में मोबाइल व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंडेरू सरपंच जीतेन्द्र मेहता, रामकिशोर सैनी, सतवीर सिंह, राजेश कुमार जैन, हिमांशु मुदगल, हेमसिंह सिसोदिया, फौजी समय सिंह हवलदार, अमर सिंह, फतेह सिंह, महेन्द्र सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
गुढ़ाचंद्रजी. श्री दाऊजी क्रिकेट क्लब की टीम को पुरूस्कार देकर सम्मानित करते मुख्य अतिथि कांग्रेस सेवादल के पूर्व प्रवक्ता व कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राघव मीणा व उपस्थित लोग।
खेल को खेल की भावना से खेलें खिलाड़ी
करणपुर| घूसई गांव में जय भूमियां बाबा क्रिकेट क्लब प्रतियोगिता का बुधवार को सपोटरा ब्लाॅक शिक्षा अधिकारी लखनलाल मीना ने फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को हर खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए। जिस प्रकार से शरीर को भोजन की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार खेल की जरूरत भी होती है। खिलाड़ियों को हार से निराश न होकर निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। मीना ने गांव के अभिभावकों से आह्वान किया कि सरकारी स्कूल में पढ़ाई के लिए अपने बच्चों को जरूर भेजें। जन नायक टीम के प्रवक्ता प्रताप पाकड ने कहा कि ऐसे खेलों से आपसी भाईचारा बढ़ता है, खेल में हार को एक सीख मानकर आगे बढ़ना चाहिए।
क्रिकेट प्रतियोगिता में घाट भंडारी ने कैमला टीम को हराया
नादौती| गोठड़ा में चल रही जय भौमिया बाबा क्रिकेट प्रतियोगिता में घाट भंडारी ने कैमला गांव की टीम हराकर जीत दर्ज कराई। पहले बल्लेबाजी करते हुए कैमला की टीम ने निर्धारित 10 ऑवर में 93 रन बनाए। घाट भंडारी टीम ने 9 ऑवर में 94 रन बना लिये। प्रतियोगिता आयोजन कमेटी ने घाट भंडारी टीम को विजयी घोषित किया। प्रतियोगिता आयोजन कमेटी के सुखलाल, सोमराज, राहुल, अजेश, धीरज ने बताया कि क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता टीम को 21 हजार तथा उपविजेता टीम को 11 हजार व शील्ड प्रदान कर पुरस्कृत किया।