गुढ़ाचंद्रजी. पाड़ वाले बालाजी मंदिर पर नवकुंडीय श्रीराम महायज्ञ के लिए तैयार की जा रही यज्ञशाला ।
रोजाना सवा लाख आहुतियां दी जाएंगी, भागवत कथा तथा रासलीला होगी
भास्कर न्यूज | गुढ़ाचंद्रजी
विश्व कल्याण व शांति की कामना को लेकर संत रामखिलावन दास महाराज के सान्निध्य में कस्बे के पाड़ वाले बालाजी मंदिर पर 20 मई से आयोजित नवकुंडीय विश्व शांति श्रीराम महायज्ञ में प्रतिदिन वेदाचार्यों द्वारा सवा लाख आहुतियां दी जाएंगी। महायज्ञ में प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा तथा रासलीला का भी मंचन किया जाएगा। आयोजन समिति की देखरेख में महायज्ञ की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
संत रामखिलावन दास महाराज ने बताया कि महायज्ञ के शुभारंभ पर रविवार 20 मई को सुबह 8 बजे 1100 महिलाओं की बैंडबाजे के साथ विशाल मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी। यज्ञ में यज्ञाचार्य पंडित राकेश शास्त्री के सान्निध्य में प्रतिदिन हवन में वेदाचार्यों द्वारा सवा लाख आहूतियों के साथ ही पंडिताचार्य श्याम सुंदर शास्त्री वृंदावन वाले द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। वहीं वृंदावन की रासलीला मंडली द्वारा दिन व रात्री को भगवान श्री कृष्ण की रासलीलाओं का मंचन किया जाएगा। महायज्ञ के समापन अवसर पर सोमवार 28 मई को पूर्णाहुति तथा विशाल भंडारे का आयोजन होगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष मिट्ठन लाल सेठ के नेतृत्व में समिति की देखरेख में महायज्ञ की यज्ञशाला, बिजली, पानी, छाया, सुरक्षा तथा साधु संतों के लिए ठहरने की तैयारियों को पूर्ण रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विश्व कल्याण व शांति की कामना को लेकर आयोजित श्रीराम महायज्ञ में राजस्थान, वृंदावन, हरिद्वार, अयोध्या, वाराणसी, उज्जैन सहित देश के प्रमुख साधु संतो के अखाड़े व आश्रमों से सैकडों साधु संत भाग लेंगे।