अर्जुन राम ने कहा-भागवत का गुणगान करेंगे तो भीतर शांति मिलेगी
गुलाबपुरा | कस्बे के गांधीनगर काॅलोनी महाकालेश्वर मंदिर में राधा-कृष्ण व हनुमानजी की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा, भागवत कथा व नानी बाई मायरो कथा का आयोजन चल रहा है। वहीं पंच कुंडीय यज्ञ में आहुतियां दी जा रही हैं। रामस्नेही संत अर्जुन राम महाराज ने भागवत कथा सुनाते हुए कहा कि मनुष्य का परम धर्म भगवान की भक्ति प्राप्त करना है। जीवन में भक्ति प्राप्त होती है तो स्वत: ही भगवान का ज्ञान हो जाता है। संत ने भीष्म पितामह आदि प्रसंग सुनाए। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन में बड़े कार्य कर लें पर भागवत चरणों की प्राप्त न हो तो उसका अहंकार ही बढ़ता है। जीवन में भागवत प्राप्ति आ जाए तो जीवन की परम सार्थकता है। भागवत का गुणगान करेंगे तो भीतर शांति मिलेगी। भागवत कथा में 18 अप्रैल को ध्रुव चरित्र व प्रहलाद चरित्र प्रसंग सुनाए जाएंगे। इसके साथ ही शाम को नानी बाई रो मायरा कथा होगी। राधा-कृष्ण मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में पंच कुंडीय यज्ञ जालमपुरा के संत बजरंगदास महाराज के सानिध्य में किया जा रहा है।