गुलाबपुरा | आगूंचा पंचायत के परसरामपुरा में डिस्ट्रिक मिनरल फंड से पीने के पानी की समस्या का समाधान करने के लिए 40 लाख रुपए स्वीकृत किए गए। परसरामपुरा में अभी 6 दिन के अंतराल में जलापूर्ति हो रही है। इससे लोगों को जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। आगूंचा से परसरामपुरा टंकी तक पाइप लाइन बिछी है। पानी कम मात्रा में पहुंचने से पूर गांव में जलापूर्ति नहीं हो पाती है। टंकी के आसपास वाले घरों तक ही पानी पहुंच रहा है। जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता शिवराज ने बताया कि परसरामपुरा में पीने के पानी का संकट है। इसके लिए तीन टैंकर शुरू किए गए। स्वीकृत 40 लाख में आगूचा से आने वाली मुख्य पाइप लाइन व गांव की पुरानी पाइप लाइन को बदला जाएगा। उल्लेखनीय है कि आगूंचा में 72 घंटे के अंतराल से पानी सप्लाई हो रहा है। परसरामपुरा में लोग घरों के बाहर ड्रम में पानी रखते हैं। पानी चोरी न हो जाए, इसलिए इन पर ताला लगाना पड़ता है। गुलाबपुरा शहरी क्षेत्र के लिए बीसलपुर से पानी पहुंच रहा है। पानी की सप्लाई कम होने से यहां जल संकट से लोग परेशान हैं।
आगूंचा में 72 घंटे के अंतराल से पानी सप्लाई हो रहा