44 बूथों पर 55 पोलिंग पार्टी को दिया गया ईवीएम का अंतिम प्रशिक्षण
नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर नगर भवन में चुनाव ड्यूटी करनेवाले पोलिंग पार्टी के सदस्यों को तृतीय स्तर का ईवीएम का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षक मो. जलील ने पीठासीन पदाधिकारियों को मतदान के पूर्व, मतदान के दौरान तथा मतदान समाप्त होने के पश्चात किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक पोलिंग पार्टी में पीठासीन पदाधिकारी समेत सात सदस्य होंगे। पोलिंग पार्टी के सभी सदस्यों को अलग-अलग कार्य दिया गया है। पीठासीन पदाधिकारी बूथ पर मतदान के संपूर्ण प्रभारी होंगे। प्रथम मतदान पदाधिकारी मतदाता सूची को चिह्नित कर मतदाताओं की पहचान के प्रभारी होंगे। द्वितीय मतदान पदाधिकारी वोटरों को मतदान करने के पश्चात उनकी अंगुली पर अमिट स्याही लगाने के प्रभारी होंगे। तृतीय मतदान पदाधिकारी मतदाता पर्ची के प्रभारी होंगे। शेष तीन मतदानकर्मी क्रमश: अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद के लिए आवंटित ईवीएम के कंट्रोल यूनिट के प्रभारी होंगे। पोलिंग पार्टी को बताया गया कि मतदान के पश्चात पीठासीन पदाधिकारी को आवश्यक दस्तावेजों के साथ ईवीएम को स्ट्रांग रूम में जमा कराने की जिम्मेवारी होगी। ईवीएम के साथ जिन दस्तावेजों का सीलबंद लिफाफा स्ट्रांग रूम में जमा होगा। उनमें पीठासीन पदाधिकारी की डायरी, पीठासीन पदाधिकारी का घोषणा पत्र, रिकॉर्ड मत का पेपर सील लिफाफा स्ट्रांग रूम में जमा कराया जाएगा। मतदान प्रारंभ होने के पूर्व मॉक पोल तथा विभिन्न प्रकार के लिफाफा के सील बंद करने में आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई। चुनाव को लेकर मतदान कर्मियों को 15 अप्रैल को कार्मिक कोषांग के माध्यम से पोलिंग पार्टी को उनके बूथ तक भेजा जाएगा। इस दौरान प्रशिक्षक के अलावा जिला शिक्षा अधीक्षक गनौरी मिस्त्री भी उपस्थित थे।
प्रशिक्षण में उपस्थित कर्मी।