आजसू प्रत्याशी ने रोड शो कर मांगा वोट
आजसू पार्टी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी चंदन मिंज व उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी शिव साहू उर्फ शिव गंझू की जीत को लेकर शनिवार को कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष दिलीप नाथ साहू के नेतृत्व में रोड शो कर लोगों से वोट मांगा। रोड शो में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बाइक व पार्टी के झंडा बैनर के साथ शामिल हुए। साथ ही आजसू स्टूडेंट यूनियन के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। इससे पूर्व रोड शो पालकोट रोड स्थित संध्या रानी ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल परिसर के समीप से निकलकर शहर के पालकोट रोड, डीएसपी रोड, जशपुर रोड, कचहरी रोड, करमटोली, लोहरदगा रोड, थाना रोड, टॉवर चौक, इसलामपुर, चांदनी चौक, आजाद बस्ती, सिसई रोड आदि मार्गों का परिभ्रमण किया। इस मौके पर शिव ने कहा कि आजसू पार्टी जनता से जुड़ी पार्टी है। अलग राज्य निर्माण से लेकर जनहित के मुद्दों को लेकर पार्टी आंदोलनरत रही है। इस बार का नप चुनाव नगरवासियों के लिए महत्वपूर्ण है। इस मौके पर गोपी नाथ सिंह, धीरेंद्र प्रसाद, गोलू श्रीवास्तव, आनंद कुमार, मो. मुस्तकीम समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।