टैक्स से राहत दिलाने का किया वादा
गुमला | भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ रहे बागी शकुंतला उरांव व अमित पोद्दार ने चुनावी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर भाजपा प्रत्याशियों को आड़े हाथों लिया। अध्यक्ष प्रत्याशी शकुंतला उरांव खुद को पार्टी द्वारा अपमानित किए जाने की बात कहते हुए फफक-फफक कर रो पड़ी। वहीं उपाध्यक्ष प्रत्याशी अमित पोद्दार ने बढ़ाए गए होल्डिंग टैक्स का आरोप राजू कच्छप व मुनेश्वर साहू (पूर्व नप अध्यक्ष व उपाध्यक्ष) पर लगाते हुए कहा कि दोनों ने बोर्ड को भ्रमित कर बिना पारित किए 2008 में टैक्स का बोझ जनता पर लादा है।
शकुंतला ने कहा कि वह भाजपा की सक्रिय नेत्री थी। उनका टिकट भी कंफर्म था। लेकिन पार्टी ने आखिरी समय में उनका टिकट काट ऐसे प्रत्याशी को उम्मीदवार बनाया, जो पार्टी के सदस्य तक नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने विधवा महिला को अपमानित किया है। वह जनता की अदालत में अब न्याय व इंसाफ की आस लिए खड़ी है। अमित ने कहा कि बीते दिनों आप ही क्यूं कार्यक्रम में मुनेश्वर ने मंतव्य दिया था कि टैक्स बढा़ेतरी उनके कार्यकाल में नहीं हुआ था। वर्ष 2007 में नप के कार्यपालक पदाधिकारी हरि माधव सिंह के कार्यकाल में टैक्स बढ़ा था। जिसका चैंबर ने विरोध कर अभूतपूर्व गुमला बंद का आहवान 3 जून 2007 को किया था। उस समय की डीसी आराधना पटनायक ने इसपर संज्ञान लेकर ईओ को टैक्स बढा़ेतरी वापस लेने का आदेश दिया था। 2008 में राजू व मुनेश्वर के कार्यकाल में टैक्स बढ़ा। उन्होंने कहा कि जनता उनलोगों को सेवा कर मौका देती है, तो एक सप्ताह के अंदर टैक्स से राहत दिलाएंगे। साथ ही संपूर्ण शहर का विकास करेंगे। इस मौके पर रविंद्र सिंह, विजय मिश्रा, सत्यनारायण पटेल व अरविंद मिश्रा आदि लोग थे।