चांची गिंजईन टोली में हुए दुष्कर्म के आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा
एसपी ने घाघरा में घटनास्थल का किया मुआयना, कहा
भास्कर न्यूज| घाघरा(गुमला)
चांची गिंजईन टोली में सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता के परिजन से शनिवार को एसपी अंशुमन कुमार व एसडीपीओ भूपेंद्र राउत ने घटना की जानकारी ली। एसपी अंशुमन कुमार ने घटनास्थल का मुआयना किया। पीड़िता की मां ने एसपी को बताया कि घटना के बाद पीड़िता काफी डरी सहमी सी रहती थी। दिन में भी घर का दरवाजा बंद करने के लिए कहती थी। दरवाजा खुला छोड़ने पर भयभीत हो दरवाजा बंद करने कहती थी। वह कहती थी कि हमें कोई आकर उठा ले जाएगा। घटनास्थल की दूरी पीड़िता के घर से मात्र 40 मीटर दूर है, जहां कुआं बाड़ी है। जहां से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी पीड़िता को उठाकर ले गए एवं सामूहिक दुष्कर्म किया था। पीड़िता गैंगरेप के आरोपी आरिफ को पहचानती है।
ऑटो चालक आरिफ के ऑटो में राज लिखा होने की बात भी प्राथमिकी के दौरान पुलिस को बताई थी। पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया था कि आरिफ के साथ बबलू व जगलाल साहू का भी नाम पुलिस को बताया है। उसने बताया कि वह अपने पीड़िता बच्ची व वह वृद्ध ससुर के साथ घर में अकेले रहती है। एसपी अंशुमान कुमार ने गैंगरेप के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की बात कही। घटना के कई तथ्यों पर बारीकी से जांच की बात कही। ज्ञात हो कि इससे पहले घाघरा थाना क्षेत्र के नौडीहा गांव में भी 30 जनवरी को एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म और 20 फरवरी को घाघरा क्षेत्र के मकरा ग्राम में शादी समारोह में गई नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना घटी है।