वोट देने के लिए वोटरों में रहा उत्साह, बाजार में सन्नाटा
गुमला | नगर निकाय चुनाव में मतदान के लिए वोटरों में उत्साह रहा। व्यवसायियों ने पहले मतदान और बाद में दुकान के उद्घोष के साथ वोटिंग की। इस कारण बाजार में सन्नाटा का माहौल देखा गया। बसों आदि यात्री वाहनों का परिचालन पूर्ववत होने के पश्चात भी बाजार से रौनक गायब थी। अधिकांश दुकानें बंद थी। शहर की भीड़ सड़क और दुकानों से निकलकर बूथों के आसपास जम गई थी। बाजार में सन्नाटा का एक व्यवहारिक कारण यह भी था कि 31478 वोटरों वाले गुमला नगर पर्षद क्षेत्र में करीब पांच हजार वोटर तो प्रत्यक्ष रूप से चुनाव कार्य से जुड़ा होने के कारण बूथों पर टिका रहा। शेष लोग वोट देकर अपने घरों में आराम फरमाए। इस स्थिति को भांपते हुए व्यवसायियों ने प्रतिष्ठान को दिन में बंद ही रखना मुनासिब समझा। शाम के वक्त जब चुनावी एवं मौसम की गर्मी कम होने पर सड़कों पर चहल-पहल दिखाई पड़ा। चुनाव में 148 प्रत्याशी मैदान में थे। जिसमें अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के 24 प्रत्याशियों को प्रत्येक बूथ पर कम से कम पांच लोगों की टीम को तैनात करना था। उसी प्रकार सभी वार्ड पार्षदों के लिए भी एक बूथ पर कम से कम पांच समर्थक मुस्तैद थे। इसलिए सड़कों पर दिखने वाली अधिकांश भीड़ बूथ पर ही दिखी।