कुएं से पानी लाने गई नाबालिग छात्रा का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म
भास्कर न्यूज | घाघरा (गुमला)
घाघरा थाना क्षेत्र की नौडीहा पंचायत के चांची गिनजन टोली गांव की 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा का 31 मार्च की रात अपहरण करने के बाद हथियार के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पीड़िता की स्थिति ठीक नहीं थी।
आरोपियों की धमकी के कारण उसने घटना की जानकारी किसी को नहीं दी, लेकिन तबियत अधिक खराब होने के बाद उसने गुरुवार की रात परिजनों को सारी बात बताई। इसके बाद पीड़िता ने शुक्रवार को परिजनों के साथ थाना जाकर आरीफ, बबलू व जगलाल साहू पर अपहरण और दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता ने कहा कि 31 मार्च की शाम करीब 5 बजे वह पानी लाने के लिए गांव के बगल स्थित कुआं गई थी। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर तीनों आरोपी पहुंचे और कनपटी पर रिवाल्वर सटा कर मेरे चेहरे को कपड़ा से ढक दिया। इसके बाद बाइक से सिसई प्रखंड के पूसो गढ़वाली जंगल ले गए।
आरोपियों ने उसे रात भर अपने चंगुल में रखा और बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म करते रहे। दुष्कर्म करने के बाद आरोपियों ने उसकी हत्या करने के लिए कनपटी पर रिवाल्वर तान दिया, लेकिन जान बक्स देने की गुहार लगाने पर हत्या नहीं की। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि वे उग्रवादी हैं और किसी से डर नहीं लगता हैं।
किसी को घटना की जानकारी देने पर जिंदा जला देंगे। तीनों ने अपना नाम आरिफ, बबलू व जगलाल साहू बताते हुए कहा कि वे जब चाहेंगे तुम्हारे घर आएंगे और तुम्हे साथ चलना होगा। एक अप्रैल को अहले सुबह करीब 4 बजे तीनों उसे गांव छोड़ने के लिए जंगल से निकले। इस दौरान पुनः आरोपियों ने रास्ते में उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद गांव के समीप छोड़ कर भाग निकले। पीड़िता ने बताया कि वह घर पर वृद्ध और व दादा के साथ रहती है। पिता 3 साल पहले से लापता हैं। घटना की जानकारी मिलने पर उसकी बहन उसे साथ थाना पहुंची।
थाने में जानकारी देती पीड़िता।
जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा: थानेदार
इस संबंध में थाना प्रभारी सुदामा चौधरी ने कहा कि पीड़िता ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तीन लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।