ईवीएम को कवर नहीं करने पर लोगों ने आधे घंटे किया हंगामा
नगर परिषद चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 7 के मतदान केंद्र में दिन भर गहमागहमी रही। यहां हंगामा के कारण करीब आधा घंटा तक मतदान का कार्य बाधित रहा। वोट देने पहुंचे मतदाताओं ने वोटिंग प्रक्रिया की गोपनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदान केंद्र के अंदर पीठासीन पदाधिकारी व पोलिंग एजेंट को बैठा दिया गया था। ईवीएम को पूरी तरह से नहीं ढका गया है। जिसके कारण वोटिंग कर रहे मतदाताओं का वोट गोपनीय नहीं हो रहा था। क्रम बद्ध लगाए गए ईवीएम को भी बार-बार इधर-उधर किया जा रहा था। इसके अलावा मतदान केंद्र में बीएलओ पर्ची के साथ मतदान करने आने वाले वोटरों को एक राजनीतिक पार्टी के इशारे में वोट देने से रोका जा रहा था। इसके बाद इसकी सूचना लोगों ने जिले के वरीय अधिकारियों को दी।
सूचना मिलते ही डीसी श्रवण साय, एसपी अंशुमान कुमार, डीडीसी नागेंद्र सिन्हा, एसडीपीओ भूपेंद्र राउत मतदान केंद्र पहुंचे। साथ ही सूचना मिलने पर कई राजनीतिक दलों के उम्मीदवार भी पहुंचे और मामले की जानकारी दी। इस पर डीसी ने कहा कि अगर ईवीएम को कवर कर मतदान कराया जा रहा हो तो उस कमरे में पीओ बैठ सकते है। उन्होंने मौके पर ही मतदान कर्मियों को बीएलओ पर्ची के आधार पर वोटिंग कराए जाने का निर्देश दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ।