धारदार हथियार से मारकर वृद्ध की हत्या
सदर थाना क्षेत्र के धोधरा गांव में हुई घटना
भास्कर न्यूज|गुमला
सदर थाना क्षेत्र के धोधरा गांव में शनिवार की रात अपराधियों ने धारदार हथियार से मारकर और गला घोंट कर 65 वर्षीय वृद्ध अजित टोप्पो की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर सदर पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना को लेकर मृतक की प|ी ग्रेसियस टोपो ने अज्ञात अपराधियों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। उसने बताया कि धोधरा गांव में वह पति के साथ अकेले रहती थी।
उनकी कोई संतान नहीं है। फरवरी माह में वह मायके सिमडेगा जिला के कोचेडेगा चली गई थी। तब से वहीं थी। जबकि पति गांव में अकेले थे। शनिवार की रात अपराधियों ने उनकी हत्या कर दी। दूसरे दिन उन्हें घटना की जानकारी भतीजी आशा मिंज ने फोन पर दी। इसके बाद वह धोधरा पहुंची। फिर पुलिस को इसकी सूचना दी।
इस संबंध में थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि अज्ञात अपराधियों ने हत्या की है। घटना का कारण का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।