मतदान सामग्री के साथ कर्मियों को भेजा गया बूथ
गुमला | नगर निकाय चुनाव के मतदान कार्य में लगाए गए कर्मियों को डीसी श्रवण साय, डीडीसी नागेंद्र सिन्हा व डीआरडीए निदेशक मुस्तकीम अंसारी ने पीएई स्टेडियम से मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया। इस दौरान 308 कर्मियों को 61 छोटे-बड़े वाहनों से बूथों तक पहुंचाया गया। कर्मी रात में केंद्रों पर ही रुकेंगे। इसके बाद सोमवार को मतदान कार्य संपन्न कराएंगे। इससे पूर्व स्टेडियम में कैंप लगाकर कर्मियों को इवीएम मशीन व मतदान संबंधी सामग्री बूथवार उपलब्ध कराई गई।
एक मतदाता को तीन वोट देना है। इसके लिए तीन अलग-अलग ईवीएम में वोट डाले जाएंगे। मतदाता केंद्र में सबसे पहले पार्षद का वोट सादे रंग के ईवीएम में डालेंगे। इसके बाद उपाध्यक्ष का वोट हरे रंग के ईवीएम में डालेंगे। फिर अंत में अध्यक्ष का वोट गुलाबी रंग के ईवीएम में डालेंगे। तीनों ईवीएम एक ही कमरे में अलग-अलग रखा रहेगा।