शहर की नई सरकार बनाने के लिए करें मतदान
नगर परिषद के चुनाव में किस्मत की बाजी खेलने उतरे महारथियों के भाग्य का फैसला 31478 मतदाताओं के करने की बारी आ गई है। चुनाव को लेकर प्रचार शुरू होने के साथ से ही दंगल में उतरे सभी पदों के प्रत्याशी अपनी जीत के दावे करते थक नहीं रहे थे। जबकि मतदाता भी सभी प्रत्याशियों को भरोसा दिलाते आ रहे है कि आप चिंता नहीं करें। वोट आपको ही देंगे। लेकिन अब भरोसा व आश्वासन से उपर उठकर वोटिंग के माध्यम से शहर की सरकार चुनने का समय आ गया है। देखना यह है कि मतदाता अपने मताधिकार की ताकत समझ कर सही व स्वच्छ छवि के प्रत्याशी का चयन करते हैं या फिर जाति विशेष, रिश्तों-नातों या लोक लुभावन लालच में फंसकर अपने मत का इस्तेमाल करते हैं। प्रत्याशी के चयन का खामियाजा यहां की जनता को ही भुगतना पड़ेगा। चूंकि जनता अब तक ठगी जा रही है। इस बार भी वे अपने मताधिकार का सोच-समझकर प्रयोग करेगी, तो आने वाले पांच सालों तक उन्हें गुमला की यही तस्वीर देखनी पड़ेगी। इसलिए भ्रष्टाचार मुक्त स्वच्छ, सुंदर व विकसित गुमला के निर्माण में अपनी भूमिका निभाते हुए शहर की नई सरकार बनाने में योगदान दें।