आखिरी दिन वोटरों को बूथ पहुंचाने की जुगाड़ मे ंरहे प्रत्याशी
नगर निकाय चुनाव में प्रचार का शोर समाप्त होने के बाद आखिरी दिन प्रत्याशियों ने डोर टू डोर जाकर मतदाताओं को रिझाने में पूरी ताकत झोंक दी। हालांकि आखिरी वक्त में प्रत्याशी जनसंपर्क से ज्यादा बूथ मैनेजमेंट अौर वोटरों को घर से निकालकर बूथ तक लाने की जुगाड़ में व्यस्त दिखे।
सोमवार को चुनावी मैदान में खड़े अध्यक्ष के दस, उपाध्यक्ष के 14 व पार्षदों के 124 प्रत्याशियों में से एक अध्यक्ष, एक उपाध्यक्ष व 22 वार्ड सदस्यों के चयन को लेकर वोटिंग की जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक स्तर की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। सुबह के सात बजे से शाम के पांच बजे तक सभी 44 मतदान केंद्रों पर वोट पड़ेंगे। इस दौरान मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था रहेगी।
जनसंपर्क चलाते सोनल केशरी।
युवा नेतृत्व से बदलेगी वार्ड की दिशा
वार्ड प्रत्याशी सोनल केशरी ने वार्ड का भ्रमण कर मतदाताओं के बीच मतदाता पर्ची का वितरण किया। उन्होंने कहा कि युवा नेतृत्व से ही वार्ड की दशा व दिशा बदल सकती है। वार्ड की जनता जागरुक है। वे मताधिकार का प्रयोग कर ऐसे प्रत्याशी का चयन करें, जो जनहित के मुद्दे को उठाते हुए वार्ड के विकास पर ध्यान दें।
वार्ड प्रत्याशी गायत्री ने चलाया जनसंपर्क अभियान
वार्ड प्रत्याशी गायत्री शर्मा ने समर्थक सब्बू, मनोज शर्मा समेत अन्य के साथ डोर टू डोर जनसंपर्क अभियान चलाकर वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे लगातार दो बार पार्षद रह चुकी हैं। उनके अनुभव को देखकर जनता ने उन्हें मैदान में उतारा है।
विवेक से मतदान करें मतदाता : सीता
पार्षद प्रत्याशी सीता देवी ने अपने वार्ड का भ्रमण कर लोगों से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता किसी प्रकार के बहकावे में नहीं आएं। वे अपने विवेक से मतदान करें। जिससे स्वच्छ छवि के प्रत्याशी को नेतृत्व का मौका मिले ।
प्रत्याशी ने लोगों को दिया मतदाता पर्ची
वार्ड प्रत्याशी शैल मिश्रा ने घर-घर जाकर लोगों के बीच मतदाता पर्ची बांटी। साथ ही मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि मतदान सबका अधिकार है। इसमें कोई छूटे नहीं। इसलिए वे स्वयं मतदाता पर्ची लोगों तक पहुंचा रही हैं। जिससे लोग समय पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।