जारी में 15 दिनों में चार आपराधिक घटनाएं
अल्बर्ट एक्का जारी प्रखंड में इन दिनों अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। 15 दिनों के अंदर अपराधियों द्वारा चार बड़ी घटनाओं को अंजाम दिए जाने से लोगों में दहशत है। 30 मार्च की रात अपराधियों ने जशपुर से दोस्त के साथ घर लौट रहे कतरी निवासी मो. महेदुल मिंया की रुदरपुर बागढोंढा के पास बाइक रोककर 3000 रुपए नगद छीनने के बाद बाइक जला दी थी। साथ ही भागने के दौरान जान मारने की नीयत से दोनों पर गोली भी चलाई थी। लेकिन दोनों बाल बाल बच निकले थे। 4 अप्रैल को अपराधियों ने रुदरपुर के करंजटांड़ में मिर्ची के खेत में लगे डीजल पम्प (सिचाई मशीन) को तोड़ फोड़ कर आग के हवाले कर दिया। जिससे किसानों को लाखों की क्षति हुई थी। 5 अप्रैल को देर रात करीब 2:30 बजे गोविंदपुर स्कूल के मैदान में खड़े दो यात्री बस को रोककर अपराधियों ने हथियार के बल पर 8500 की लूटपाट की। बस के कर्मचारियों को इसकी जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। 13 अप्रैल को लकड़ी चुनने गई एक विवाहिता व एक छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना हुई। घटना के बाद दोनों पीड़िता ने थाना पहुंचकर रुद्रपुर गांव के बादल सिंह व विनय सिंह पर दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराई। लेकिन दोनों आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।