पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • राजनीतिक बिसात पर व्यक्तित्व की होगी जीत

राजनीतिक बिसात पर व्यक्तित्व की होगी जीत

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर निकाय का चुनाव हुआ संपन्न

भास्कर न्यूज| गुमला

नगर निकाय का चुनाव संपन्न हो गया। इसके साथ ही कई प्रत्याशी बेफिक्र हो गए है, तो कई की नींद उड़ गई है। चूंकि उनकी चुनावी किस्मत पिटारे में बंद हो गई है। अब 20 अप्रैल को नतीजे सामने आएंगे। लेकिन लोगों में चर्चा है कि दलीय आधार पर चुनाव होने के बावजूद जिस प्रत्याशी की भी जीत होगी वह उस प्रत्याशी की दलीय से ज्यादा व्यक्तित्व की जीत होगी । कई बूथों पर मतदान के दौरान और उससे पहले चुनावी कैंपेन में दल से ज्यादा व्यक्तित्व प्रभावी नजर आया है।

इधर ऐसा माना जा रहा है कि अध्यक्ष पद में कांग्रेस से दीपनारायण उरांव को सभी वर्गों का समर्थन मिला है। अध्यक्ष पद के अन्य दावेदार शकुंतला उरांव, भाजपा से राजू कच्छप और झामुमो के अनिल एडवर्ड पन्ना को कमजोर आंकना भूल होगी।

विधवा महिला होने व भाजपा जैसी पार्टी से बगावत कर मैदान में उतरने के कारण शकुंतला को मतदाताओं की सहानुभूति मिली है, तो अनिल एडवर्ड को अल्पसंख्यक व ईसाई वोटों का साथ मिला है। जबकि शहर के बीचों-बीच के बूथों पर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जमकर मतदान हुआ है। उसी प्रकार उपाध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला के आसार मजबूत दिख रहे है। इसमें झामुमो के कलीम अख्तर, कांग्रेस से रमेश कुमार चीनी और निर्दलीय प्रत्याशी अमित पोद्दार के नाम शामिल हैं।

कलीम के पक्ष में अल्पसंख्यक व ईसाई बहुल क्षेत्रों के बूथों पर मत पड़े है, तो रमेश के व्यक्तिगत परिचय का लाभ उन्हें मिला और सभी केंद्रों पर जनता ने उनका साथ दिया है। जबकि अमित ने सीधे तौर पर भाजपा के वोट बैंक में सेंधमारी कर दी है। जिसके कारण उन्हें टक्कर में माना जा रहा है।

हालांकि उपाध्यक्ष के रेस में वोट के बंटवारे के कारण भाजपा प्रत्याशी मुनेश्वर साहू का जिक्र नहीं हो रहा है। पर भाजपाईयों की मानें, तो दोनों सीटों पर भाजपा जीत रही है। खैर अब मतगणना के बाद ही अटकलों पर विराम लग पाएगा।

खबरें और भी हैं...