घाघरा प्रखंड की कुहिपाट पंचायत के गुनिया और जरगाटोली गांव के लोग सौर ऊर्जा से घरों को रोशन करने के साथ खेतों की सिंचाई भी कर रहे हैं। गुनिया में 100 लोग सौर ऊर्जा से घर को रोशन कर रहे हैं। वहीं करीब 23 किसान 25 एकड़ भूमि में सब्जी की खेती कर रहे हैं। वहीं करीब 2 एकड़ में गरमा धान की फसल लगाई गई है।
जरगाटोली में 73 घर रोशन होने के साथ करीब 9 किसान 17 एकड़ जमीन पर सब्जी उगा रहे हैं। प्रखंड के गुनिया गांव में कोलकाता के विजय भास्कर ने लोगों को सौर ऊर्जा के लिए जागरूक किया। इनकी देखरेख में सौर ऊर्जा से गांव में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सौर ऊर्जा से की जा रही है। सिंचाई के लिए भी बिजली मिलने से किसान खेतीबारी भी कर रहे हैं। बताया जाता है कि कोलकाता की संस्था मिलिंडा ने 23 किलोवाट का पावर ग्रिड बनाया है। जिससे गुनिया में 100 और जरगाटोली में 73 घर रौशन हो रहे हैं। बरवाटोली में सौर ऊर्जा ग्रिड स्थापना की तैयारी की जा रही है। गांव के ग्रामीण किसान पूरन टाना भगत ने सौर ऊर्जा का सोलर प्लांट लगाने के लिए दान में 25 डिसमिल जमीन दी, जिस पर प्लांट लगाया गया है। जहां से गांव में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति होती है। सौर ऊर्जा प्लांट में गांव के लाभुक मोबाइल रिचार्ज की भांति अपने घरों में दो बल्ब जलाने के लिए 100, 200 और 500 का रिचार्ज पावर ग्रिड स्थित कार्यालय से कराते हैं। पावर ग्रिड में नियुक्त मिलिंडा कंपनी के इंचार्ज विधान कुंडो व दुर्गा गोप ने बताया कि लगभग एक करोड़ की लागत से निर्मित सौर ऊर्जा ग्रिड लगाया गया है। गांव के किसान सिंचाई के लिए 200 रिचार्ज कराते हैं। जिससे सौर ऊर्जा से टुल्लू पंप एवं 2 एचपी के पंप चलाकर खेतों में लगी फसलों की सिंचाई कर रहे हैं। सौर ऊर्जा से गुनिया गांव के किसान चंदा उरांव, पूरन टाना भगत, जीतवाहन उरांव, हीरो उरांव, चरवा उरांव ,जगधन उरांव, विनोद उरांव, वीरी उरांव समेत कई किसान खेतों में फसलों की सिंचाई कर काफी खुश हैं। साथ ही अनाज के साथ सब्जी उत्पादन में बेहतर प्रदर्शन भी कर रहे हैं। गांव के ग्रामीण किसानों का कहना है कि मिलिंडा द्वारा लगाया गया सौर ऊर्जा प्लांट हम ग्रामीणों के लिए काफी लाभदायक है जिससे हमें 24 घंटे विद्युत आपूर्ति होती है।
23 किलोवाट का सौर ऊर्जा प्लांट के लिए पूरन टाना भगत ने 25 डिसमिल जमीन दान की है
अनियमित बिजली आपूर्ति से परेशान थे ग्रामीण, सिंचाई के साथ बच्चों को पढ़ाई करने में भी आ रही थी दिक्कत
घाघरा प्रखंड के गुनिया व जरगाटोली में सोलर प्लांट से विद्युत आपूर्ति के पूर्व गांव में अनियमित बिजली आपूर्ति से लोग हमेशा परेशान रहते थे। कृषि कार्य में किसानों को सिंचाई के लिए परेशानी होती थी। वहीं छात्र-छात्राओं को भी पढ़ाई करने में दिक्कत होती थी। छोटी-मोटी खराबी के कारण गांव में सप्ताह व महीनों तक बिजली गुल रहती थी। अब सोलर प्लांट के लगने से लोग खुश हैं और राहत महसूस कर रहे हैं। छात्र-छात्राओं को रात में भी पढ़ने लिखने की समुचित सुविधा मिल रही है। किसान सिंचाई कार्य में सोलर प्लांट के विद्युत आपूर्ति का प्रयोग कर आधुनिक तकनीक का उपयोग कर खुश नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा गांव में विद्युतीकरण तो किया गया था लेकिन अनियमित विद्युत आपूर्ति के कारण ग्रामीणों को समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा था।
गुनिया गांव में सौर ऊर्जा का लगाया गया ग्रिड।