25.50 करोड़ की योजना से दोनों पंचायत के सैकड़ों लोग होंगे लाभान्वित
भास्कर न्यूज| गुमला
सदर प्रखंड के शहर से सटे तेलगांव एवं करौदी पंचायत के लोगों को शहर की तर्ज पर सुविधा एवं स्वरोजगार मुहैया कराया जाएगा। डाॅक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूरबन मिशन के तहत चयनित दोनों पंचायत के लोगों को एग्रीकल्चर सर्विस के तहत विभिन्न प्रोसेसिंग यूनिट के माध्यम से स्वरोजगार की सुविधा प्रदान की जाएगी।
इसके लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट सरकार काे भेजी गई है। 25.50 करोड़ की उक्त योजना से दोनों पंचायत के सैकड़ों लोग लाभान्वित होंगे। जिला प्रशासन ने कृषि विभाग को अपने डीपीआर के अनुसार ग्राउंड वर्क के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है। इस प्रोजेक्ट के तहत केंद्र सरकार कुछ राशि सीधे जिला को मुहैया कराएगी। जबकि शेष राशि विभिन्न विभागों के कनवर्जन से पूर्ण कराया जाएगा। कृषि विभाग ने दोनों पंचायतों को विकसित करने के लिए जो प्रोजेक्ट तैयार किया है। उसमें करीब 40 कंपोनेंट हैं।
इसमें ग्रामीणों को कृषि तथा पशुपालन से जोड़कर उनका आर्थिक विकास किया जाएगा। कृषि एवं पशुपालन के क्षेत्र में सरकारी विभाग की जो भी योजनाएं संचालित है। उसे कन्वर्जन के तहत इन पंचायतों में भी क्रियान्वित कराया जाएगा। बताया गया कि 12000 की आबादी वाले तेलगांव एवं करौदी पंचायत में सब्जी की ऑर्गेनिक खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा। किसानों के लिए एक कोल्ड स्टोर का निर्माण कराया जाएगा। उसी प्रकार डेयरी के साथ ही मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट पर भी कार्य किया जाएगा। नाबार्ड डेयरी एवं मिल्क प्रोसेसिंग प्रोजेक्ट के लिए आवश्यक संसाधन मुहैया कराएगा।