पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • स्कूल मर्ज करने के विरोध में छात्रों ने 3 घंटे गुमला लोहरदगा रोड जाम रखा

स्कूल मर्ज करने के विरोध में छात्रों ने 3 घंटे गुमला-लोहरदगा रोड जाम रखा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सदर प्रखंड के कोंटाम गांव स्थित राजकीयकृत प्राथमिक विद्यालय को मर्ज करने के विरोध में गुरुवार को स्कूल के बच्चों व ग्रामीणों ने तीन घंटे तक गुमला-लोहरदगा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान उक्त मार्ग पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। बसों के करीब तीन घंटा तक जाम में फंसे रहने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ओडिशा के राउरकेला, छत्तीसगढ़ के जशपुर, रायगढ़ आदि स्थानों तक जाने वाले यात्रियों को ऑटो व अन्य चार पहिया वाहनों से जिला मुख्यालय तक आना पड़ा। इसके बाद वे निजी वाहन बुक कर गंतव्य स्थल की ओर रवाना हुए। जाम की सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भूपेंद्र कुमार राउत पहुंचे और बच्चों व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन कड़ी धूप के बाद भी विद्यार्थी सड़क से हटने को तैयार नहीं थे। ग्रामीणों ने कहा कि आजादी के बाद से विद्यालय संचालित हो रहा है। यह गांव का एक मात्र प्राथमिक स्कूल है। जहां 92 बच्चे पठन-पाठन करते हैं। लेकिन सरकार के आदेश पर विद्यालय काे दो किमी दूर 72 छात्रों वाले नावाटोली में मर्ज किया जा रहा है। इससे शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। जाम के दौरान एसडीपीओ ने बच्चों के बीच बिस्कुट, टॉफी व पानी का वितरण किया। इधर जाम की सूचना मिलने के बाद डीएसई गनौरी मिस्त्री व शिक्षा विभाग के कई पदाधिकारी मौके पर पहुंचकर बच्चों व ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। डीएसई ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि विद्यालय को किसी भी हाल में मर्ज नहीं किया जाएगा। इसके बाद ग्रामीण सड़क जाम हटाने को तैयार हुए।

खबरें और भी हैं...