गुमला जिला स्थापना दिवस पर 18 मई को सांस्कृतिक समेत कई कार्यक्रमों का आयोजन होगा। प्रातः 6:00 बजे से छठ घाट तालाब सिसई रोड गुमला से सफाई अभियान की शुरुआत कर शहर की सफाई की जाएगी। सुबह 9:30 बजे से महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा।
इस दौरान सबसे पहले बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर, परमवीर अलबर्ट एक्का, भगवान बिरसा मुंडा, बाबू कुंवर सिंह, सरदार वल्लभ भाई पटेल और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। सुबह 11 बजे से स्कूली बच्चों के बीच पेंटिंग तथा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन नगर भवन में किया गया है। संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम 6 बजे से बख्तर साय मुंडल स्मृति भवन में होगा। जिसमें स्कूली बच्चों व स्थानीय कलाकारों द्वारा स्थानीय भाषा संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले एकल और सामूहिक प्रस्तुति होगी। यह जानकारी डीपीआरओ पंचानन उरांव ने दी।