झारखंड के मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी एवं विकास आयुक्त अमित खरे ने झारखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के मौके पर उनकी विभिन्न जिला के उपायुक्तों के साथ बैठक को लेकर आवश्यक निर्देश दिया। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्य सचिव ने उपायुक्तों से अपने जिले का पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन बेहतर ढंग से तैयार करने को लेकर विमर्श किया और आवश्यक संशोधन करने को कहा । उन्होंने कहा कि जिले द्वारा तैयार पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन को नीति आयोग को भी भेजा जाएगा। इसलिए जिले के वर्क प्लान को तैयार करने में जिले के विकास में उपयोगी विभिन्न पहलुओं का प्रमुखता से उल्लेख करने पर बल दिया गया। राज्य के अधिकारियों की प्लानिंग है कि पीएम नरेंद्र मोदी के आगामी 25 मई को झारखंड आगमन पर उनके साथ उपायुक्तों की बैठक में जिलों के विकास से संबंधित रणनीतियों के बारे में उन्हें अवगत कराया जाए। इसके मद्देनजर ही वीसी के माध्यम से उपायुक्तों को यह निर्देश दिया गया है। मुख्य सचिव ने जिले के पदाधिकारियों को बताया कि प्रधानमंत्री झारखंड दौरे के क्रम में राज्य के विकास के आकांक्षी 19 जिलों के उपायुक्तों से रूबरू होंगे उसमें गुमला भी शामिल है। इसलिए अपने जिले का प्रजेंटेशन हिन्दी में तैयार करें तथा प्रजेंटेशन के लिए की गई मैपिंग को स्टेट के नक्शे पर अपने जिला को प्रदर्शित करें। ताकि संबंधित जिले की स्थिति के बारे में आकलन में केंद्रीय अधिकारियों को सहजता हो। मुख्य सचिव ने पीपीपी में जिले के विकास को लेकर ठोस बिंदुओं का उल्लेख करने को कहा है। ताकि प्रजेंटेशन उबाऊ नहीं हो और विकास योजनाओं के चयन एवं उसके क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी कम समय में पीएम के समक्ष रखी जा सके। वीसी में अधिकारियों ने बताया कि राज्य के 19 जिलों में से 10 जिलों के उपायुक्तों को पीएम के समक्ष प्रजेंटेशन देना होगा। सभी जिलों के प्रजेंटेशन का स्टडी करने के पश्चात उन जिलों का चयन किया जाएगा। विकास आयुक्त अमित खरे ने जिले के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जो पीपीपी बनाया जाएगा उसे नीति आयोग को भी भेजा जाएगा। उसी के आधार पर आगामी वर्षों में जिले को विकसित जिला की श्रेणी में लाने के लिए किए जा रहे उपायों का क्रियान्वयन संबंधी निर्णय लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि गुमला जिला ने राज्य सरकार को जिले का पीपीपी भेज दिया है। नीति आयोग के सदस्य के गुमला आगमन पर भी जिले के एक्शन प्लान से उन्हें अवगत कराया गया है। वीसी में मुख्य सचिव के अलावा विकास आयुक्त और अतिरिक्त मुख्य सचिव सुखदेव सिंह तथा जिले के पदाधिकारियों में उपायुक्त श्रवण साय, डीडीसी, डीपीओ आदि मौजूद थे।