जिला स्थापना की 35वीं वर्षगांठ पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय में सुबह 06ः00 बजे सफाई अभियान चलाया गया। डीडीसी नागेंद्र नागेन्द्र कुमार सिन्हा की अगुवाई में अधिकारियों ने सिसई रोड स्थित भट्ठी तालाब के समीप से सिसई रोड, शहीद चौक, मेन रोड व पटेल चौक समेत शहर के अन्य स्थानों पर झाड़ू लगाकर सफाई की। इस मौके पर डीडीसी, नगर परिषद अध्यक्ष दीपनारायण उरांव व नप उपाध्यक्ष कलीम अख्तर ने लोगों से कचरा जहां-तहां जमा नहीं कर कूड़ेदान में फेंकने को कहा।
कचरा फेंकने के लिए नगर पालिका की ओर से जगह-जगह पर कूड़ेदान रखे गए हैं। सफाई अभियान के बाद डीसी श्रवण साय, एसपी अंशुमन कुमार, डीडीसी, नप अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने भीम राव आंबेडकर, भगवान बिरसा मुंडा, परमवीर अलबर्ट एक्का, महात्मा गांधी, सरदार बल्लभ भाई पटेल समेत अन्य स्वतंत्रता सेनानियों व महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद बिरसा मुंडा एग्रो पार्क स्थित कक्ष में स्कूली विद्यार्थियों के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिला के मानचित्र में पर्यटन स्थल को प्रदर्शित करना एवं जिला के मानचित्र चित्रण थीम की पेंटिंग प्रतियोगिता का विषयवस्तु निर्धारित था। पेंटिंग प्रतियोगिता को 04 श्रेणियों में बांटा गया था। ए ग्रुप में कक्षा 12 से ऊपर, ग्रुप बी में कक्षा 09 से 10, ग्रुप सी में कक्षा 06 से 08 एवं ग्रुप डी में कक्षा 01 से 05 तक के विद्यार्थियों को शामिल किया गया था। प्रशांत इंदवार संत पात्रिक उच्च विद्यालय ग्रुप ए, ग्रुप बी में रोशन उरांव संत इग्नासियुश उच्च विद्यालय, ग्रुप सी में अक्षांश भगत संत पात्रिक स्कूल इंग्लिश मीडियम एवं ग्रुप डी में प्रियंका कुमारी संत पात्रिक स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया।
अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा में माल्यार्पण करते।
क्विज में केओ कॉलेज के चेतन और संतोष ने मारी बाजी
स्कूली एवं महाविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के बीच सामान्य ज्ञान की जानकारी से संबंधित विभिन्न श्रेणियों में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रत्येक स्कूल और कॉलेज के दो प्रतिभागियों की टीम तैयार कर प्रतियोगिता कराई गई। इसमें सूरज कुमार और प्रभु कुजूर संत पात्रिक स्कूल ग्रुप डी में, प्रेम विकास और फराह नाज केंद्रीय विद्यालय ग्रुप सी, सुमैया परवीन और अलका रानी केरकेट्टा केंद्रीय विद्यालय ग्रुप बी एवं चेतन कुमार केशरी और संतोष साहू कार्तिक उरांव महाविद्यालय ग्रुप ए के प्रतिभागी विजयी रहे। आयोजन में नवीन चन्द्र झा, दीनानाथ केशरी, प्रदीप कुमार व अक्षय कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का संचालन डोमन राम मोची ने किया।
शहर की सफाई करते डीडीसी, नप अध्यक्ष व अन्य।
बख्तर साय मुण्डल इंडोर स्टेडियम में सम्मानित हुए प्रतिभागी
गुमला| बख्तर साय मुण्डल इंडोर स्टेडियम में दिनभर आयोजित कार्यक्रमों के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर उर्सुलाइन बालिका उच्च विद्यालय ने सामूहिक नृत्य और स्वागत गान, आॅक्सफोर्ड स्कूल ने कन्नड़ भाषा में सामूहिक नृत्य सह गान, लुथेरल मध्य विद्यालय ने सामूहिक नागपुरी लोक नृत्य सह गान-चांद बदरी में छिप जाय रे, एसएस बालिका उच्च विद्यालय ने सामूहिक सरहुल गीत चरई रे चरई वन केरा..., उर्सुलाइन काॅन्वेन्ट गर्ल्स स्कूल एवं महिला महाविद्यालय द्वारा सामूहिक गुजराती नृत्य सह गान एक साम्बर गठारों सोमा..., एस एस बालिका हाई स्कूल ने सामूहिक नृत्य सह गान धईन धईन रे धईन हामर छोटानागपुर..., माॅडल विद्यालय घाघरा ने हमे इश्क है सरजमी से..., एसएसप्लस टू उच्च विद्यालय ने ऊंचा-नीचा पहाड़ पर्वत नदी नाला.... प्रस्तुत किया। संत पात्रिक विद्यालय की ज्योति कुमार ने एकल प्रस्तुति नागपुरी लोक गीत सोना कर छोटानागपुर..., उर्सलाइन बालिका विद्यालय की रिया कुमारी ने एकल प्रस्तुति नृत्य सह गान राम जी की कृपा से एवं आॅक्सफोर्ड स्कूल की खुशबू कुमारी ने एकल प्रस्तुति नृत्य सह गान लोंग लाची प्रस्तुति कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।