चैनपुर के मालम नवाटोली हरिजन कॉलोनी के कृष्णा लोहरा ने लगाया आरोप, डीसी को सौंपा आवेदन
भास्कर न्यूज | गुमला
चैनपुर के मालम नवाटोली हरिजन कॉलोनी निवासी कृष्णा लोहरा के परिवार ने राजेंद्र नायक पर अपनी जाति के लोगों के साथ मिलकर छह दिनों तक बिजली-पानी बंद कराने का आरोप लगाया है। इस संबंध में कृष्णा ने डीसी श्रवण साय को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि राजेंद्र की बेटी रीना कुमारी के साथ उसका बेटा उमेश लोहरा लिव इन रिलेशन में रह चुका है और दोनों की एक बेटी भी है। वह रीना को बहू बनाने को तैयार है। लेकिन लड़की के माता-पिता इसका विरोध करते हुए चैन से नहीं रहने देने की धमकी दी है और उनके बेटे को एक आपराधिक मामले में फंसा दिया है। फिलहाल उसका बेटा छत्तीसगढ़ जेल में बंद हैे। बेटे के जेल जाने के बाद कुछ माह तक रीना उनलोगों के साथ रही। इसके बाद कुछ माह पूर्व अपने माता-पिता के घर चली गई। अब वह भी हमलोगों के साथ गाली-गलौज कर रही है। राजेंद्र व उसकी बेटी ने अपनी जाति के लोगों के साथ मिलकर सौर ऊर्जा से पेयजलापूर्ति व चापाकल से पानी पीने पर रोक लगा दी है। 23 से 28 अप्रैल तक विद्युत तार को खंभे से खोलकर बिजली काट दी थी। हमारे परिवार के सहयोगी कामिल मिंज के साथ भी पिछले माह उपरोक्त लोगों ने मारपीट की थी। तब कामिल ने घटना की शिकायत थाना में भी की थी, लेकिन पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया।