झारखण्ड सरकार के सांस्कृतिक निदेशालय द्वारा जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के तत्वावधान में शनिवार को सुबह परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम परिसर में सुबह सवेरे कार्यक्रम किया गया। जबकि शाम को शनि परब मनाया गया। जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव ने कहा कि सरकार कलाकारों की कला को संरक्षण प्रदान कर उसे एक मंच देने के ख्याल से यह कार्यक्रम कर रही है। कलाकारों की नैतिक जिम्मेवारी है कि इस कार्यक्रम का प्रचार करते हुए इसमें भाग ले। कार्यक्रम में सुबह को भजन एवं सांस्कृतिक संगीत की प्रस्तुति दी गई। कलाकार शांति भगत व खड़िया लोक दल के कलाकारों ने कई गीत व नृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं बसिया के दक्षिण भीरे.. गीत के साथ कार्यक्रम की समाप्ति की गई। शाम में शनि पर्व को लेकर कलाकार प्रभात महतो के नेतृत्व में एक से बढ़कर एक मानभूम छऊ नृत्य की प्रस्तुति दी गई। साथ ही पालकोट के राजेश बड़ाईक एवं गुमला के रामनाथ साहु ने झारखण्डी लोक नृत्य, संगीत, गायन, वादन एवं नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी। प्रभात महतो के कला दलों द्वारा प्रस्तुत की गई छऊ नृत्य को उपस्थित दर्शकों द्वारा काफी सराहा गया।