भास्कर न्यूज | सिसई (गुमला)
भास्कर न्यूज | सिसई (गुमला)
माता-पिता और गुरु भगवान के रूप होते हैं, जो संस्कार और ज्ञान देते हैं। संस्कार और ज्ञान की बदौलत ही हम अच्छे मार्ग पर चलकर बेहतर काम करते हैं। सभी को अच्छे कर्मों का फल भी मिलता है। यह बातें पद्मश्री सिमोन उरांव ने बुधवार को आश्रम बालिका आवासीय हाई स्कूल सिसई में आयोजित सम्मान समारोह में कही। उन्होंने कहा कि कर्म के फल के रूप में ही मुझे सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा बच्चे अच्छे गुणों का अनुसरण कर जीवन में मुकाम हासिल करें। बच्चों को उठो, लिखो, पढ़ो, पढ़ाव, सुनो, समझो आगे बढ़ो की नीति को अपना होगा। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण की पूर्ण जानकारी दी। छात्राओं के भविष्य के लिए नई दृष्टिकोण अंकुरित किया। जिससे छात्राएं सिमोन उरांव से काफी प्रभावित हुए। प्रधानाचार्य उषा सिंह ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया।
बीईईओ अनंत महतो ने कहा कि पद्मश्री सिमोन उरांव को आर्दश मानकर बच्चों जीवन में आगे बढ़ें। उपप्रमुख दीपक चन्द्र अधिकारी, अखिलेश कुमार ने भी पद्मश्री सिमोन उरांव के जीवन पर विस्तार से जानकारी दी। इससे पहले पद्मश्री सिमोन उरांव के स्कूल पहुंचने पर छात्राओं ने पारंपरिक नृत्य-गीत प्रस्तुत कर उनका स्वागत किया। उनके सम्मान में छात्राओं ने नागपुरी देशभक्ति गीत और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस मौके पर एचएम विपिन बिहारी झा, धर्मेंद्र कुमार, रविन्द्र उरांव, मीना साहू, रामाराजी मंडल, विजय कुमार, पुष्पा टोप्पो, शिवचरण महतो, सहित आश्रम बालिका विद्यालय, इन्द्रधनुष विशेष आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राएं शामिल थे।