दुष्कर्म पीड़िता युवती का दूसरी बार अपहरण, दो धराए
युवती का पहली बार 13 मार्च को अपहरण के बाद हुआ था दुष्कर्म
भास्कर न्यूज| गुमला
चैनपुर के तिगावल गांव की आदिवासी युवती का 13 मार्च को अपहरण के बाद दुष्कर्म की घटना के बाद 13 मई को पीड़िता का दुबारा अपहरण कर लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। बताया जाता है पहले मामले में आरोपी अभी पकड़े भी नहीं गए हैं। पुन: आरोपी के परिजनों पर ही अपहरण करने का आरोप है। इसकी सूचना पीड़िता की मां ने सोमवार को थाना में दी है। मंगलवार को पुलिस ने अपहरण करने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसमें पूर्व में हुए अपहरण व दुष्कर्म के आरोपी राजा नायक की मां बसंती देवी व फ्लोरा टोप्पो शामिल हैं। पीड़िता की मां ने कहा कि दोनों महिलाएं सोमवार को घर पहुंची और बेटी से कहा कि हमारे साथ चलो बहू बनाकर रखेंगे। जिसके बाद वे उसे साथ लेकर चैनपुर के लिए निकल पड़े। लेकिन चैनपुर में पता करने पर उसकी बेटी वहां नहीं मिली।