प्राथमिकता तय कर योजनाओं काे समय पर पूरा करें
सीएम के 17 मई को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडलीय एवं 25 मई को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में प्रस्तावित समीक्षा बैठक को लेकर डीसी श्रवण साय ने मंगलवार को विभिन्न विभागों के पिछले चाह माह की कार्ययोजना से संबंधित प्रतिवेदन एवं उपलब्धियों की समीक्षा की। उन्होंने विजन 2022 के तहत पंचवर्षीय कार्ययोजना एवं सरकार द्वारा चलाएं जा रहे फ्लैगशिप योजनाओं की वर्तमान स्थिति एवं उपलब्धियों का प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में सभी विभाग तत्परता दिखाएं। इसमें स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित कराएं। समयबद्ध योजनाओं का क्रियान्वयन करें। मानसून के मद्देनजर अपूर्ण योजनाओं को समय पर पूरा करें। उपायुक्त ने केंद्र सरकार के फ्लैगशिप स्कीम सौभाग्य योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना तथा अति पिछड़े जिलें के विकास से संबंधित सरकार के एक्शन प्लान, ग्राम विकास समिति के गठन संबंधी लक्ष्य को जल्द पूरा करने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया। उन्होंने कहा अपने विभाग द्वारा पूर्ण-अपूर्ण योजनाओं का आलेख सचित्र उपलब्ध कराएं। कार्ययोजना के विरुद्ध विभाग द्वारा उपलब्ध कराएं गए वित्तीय आवंटन एवं आपकी उपलब्धि का भी उल्लेख प्रतिवेदन में करें। विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने विभागों के अधीनस्थ पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय कर्मियों के कार्यों की समीक्षा के माध्यम से निगरानी रखें।