नहीं बदल रहे खराब कनेक्शन बाॅक्स कई टेड़े खंभे बन रहे हादसे की वजह
ब्यावरा| शहरी क्षेत्र में बिजली कंपनी ने कई महीनों से चार करोड़ रुपए के नए प्लान में बिजली सुधार काम चला रखा है। लेकिन कई क्षेत्रों में टेड़े खंभे लगे होने के साथ खराब कनेक्शन बॉक्स लगे हैं। इनको अब तक बदला नहीं जा रहा है। इनकी वजह से फॉल्ट हो रहे हैं। जबकि बिजली सुधार के काम में नई केबल के साथ नए खंभे भी लगाए जा रहे हैं। लेकिन शहर के काजीवाला बाग, एबी रोड नाला पुल के पास, पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर, अस्पताल रोड, गुना नाका के नजदीक, जूना ब्यावरा मंदिर के पास अभी भी टेड़े व खराब खंभे लगे हैं। 14 से अधिक खंभों पर कनेक्शन बाक्स की हालत खराब है। अधिक वोल्टेज से जल चुके कनेक्शन बाक्स अब तक लटके हुए हैं।