11 को मैसेज आया पर 17 तक फसल नहीं तौली
किसानों से बात कर उनकी समस्या हल करती तहसीलदार।भास्कर
भास्कर संवाददाता| ब्यावरा
आगरा-मुंबई हाईवे गुना पर कांसौर कला खरीदी केंद्र पर समय पर गेहूं तौल नहीं होने से किसान परेशान हैं। मैसेज के हिसाब से खरीदी केंद्र पहुंच रहे किसानों को गेहूं तौल के लिए 5 से 6 दिन इंतजार करना पड़ रहा है। मंगलवार को खरीदी केंद्र पर किसान सूरत सिंह यादव ने कहा कि गेहूं तुलाई के लिए रोजाना 24 किसानों को मैसेज पहुंचाए जा रहे हैं। लेकिन केंद्र पर केवल 10 से 12 ट्रैक्टर गेहूं तौला जा रहा है। ऐसे में शेष किसान परेशान हो रहे हैंं। कांसौर कला के फतेह सिंह ने कहा कि केंद्र पर हम्मालों की कमी है। इससे पांच दिनों बाद भी तौल नहीं हो पा रहा है। बद्रीलाल यादव ने बताया कि 11 तारीख का मैसेज था, लेकिन आज तक गेहूं तौल नहीं हो सका।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
किसानों को हो रही समस्याओं की जानकारी के बाद मौके पर तहसीलदार अलका सिंह पहुंची। उन्होंने केंद्र प्रभारी व किसानों से बात की। इसके बाद एसडीएम अंजली शाह पहुंची। एसडीएम ने केंद्र प्रभारी को निर्देशित किया कि जो किसान आ गए हैं। उनका गेहूं तौला जाए। हम्मालों की कमी को पूरा करें। दो स्थान पर गेहूं तौल शुरू कराने की बात कही।