गुना | नानाखेड़ी पेट्रोल पंप के सामने 4 अप्रैल को
गुना | नानाखेड़ी पेट्रोल पंप के सामने 4 अप्रैल को हुई लूटपाट मामले में फुटेज के आधार पर 15 से ज्यादा संदिग्धों को पूछताछ के लिए पुलिस ने उठाया है। फुटेज से इनका हुलिया मिलाया जा रहा है। पुलिस को भी कुछ सुराग हाथ लगे हैं, इससे आरोपियों की पुख्ता जानकारी हाथ लग सकती है।
गल्ला मंडी के राधा ट्रेडर्स कंपनी के मुनीम जितेंद्र शर्मा के साथ अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट की थी, वह 8 लाख रुपए छीनकर ले गए थे। इस मामले में पुलिस ने पूरे शहर के सीसीटीवी कैमरे खंगाल डाले थे, इसमें संदिग्धों के चेहरे भी दिखाई दे रहे हैं लेकिन उनका नाम और पते की जानकारी नहीं मिल पा रही थी। इसलिए आरोपियों के फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल किए गए। अब पुलिस को पता चला है कि आरोपी गांव के हैं, वह शहर में रहते थे और वारदात करते थे। इसलिए पुलिस आसपास के गांव में इनके बारे में जानकारी जुटा रही है।
15 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ : पुलिस ने 15 से ज्यादा संदिग्धों को उठाया है। इनमें से कुछ लोग इस वारदात में शामिल हो सकते हैं। इसलिए इनसे सख्ती से पूछताछ की जा रही है। घटना स्थल पर उनकी मौजूदगी के बारे भी सबूत जुटाए जा रहे हैं। इस मामले की पड़ताल एसपी निमिष अग्रवाल की निगरानी में हो रही है। वह पुलिस टीम को बारीक से बारीक जानकारी दे रहे हैं, ताकि आरोपियों का कुछ पता चले।