पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • शादी के लिए 7000 की रसीद काटी, परिजन जोड़े लेकर पहुंचे तो वहां थीं 4 कुर्सियां, लगा था छोटा टेंट

शादी के लिए 7000 की रसीद काटी, परिजन जोड़े लेकर पहुंचे तो वहां थीं 4 कुर्सियां, लगा था छोटा टेंट

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता| चंदेरी/ अशोकनगर

अक्षय तृतीया के मौके पर चंदेरी में आयोजित सर्वजातीय कन्या विवाह सम्मेलन में परिजन अपने वर-वधु को लेकर पहुंचे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। दरअसल पनख्वा मंदिर पर आयोजित सम्मेलन स्थल पर मात्र 4 कुर्सियां थीं और 20 बाई 30 का टेंट लगा था। जिले सहित दूसरे जिले से आए कई परिजन तो अपने वर-वधु का लेकर वापस रवाना हो गए लेकिन कुछ लोगों ने तत्काल प्रशासन और पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर समिति के अध्यक्ष सहित प्रमुख लोगों पर धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सम्मेलन में जिन जोड़ों के विवाह होने थे उनके पास बालिग होने का प्रमाणित दस्तावेज नहीं मिलने से उनकी शादी नहीं हो सकी।

चंदेरी के पनख्वा मंदिर पर सर्वजातीय विशाल कन्या विवाह सम्मेलन का आयोजन सर्वजातीय कन्या विवाह सम्मेलन समिति ने किया था। समिति के अध्यक्ष रविन्द्र प्रताप सिंह परमार उर्फ छोटे राजा निवासी ग्राम खोकरा जिला ललितपुर के साथ सुरेन्द्र सिंह बुंदेला निवासी सिंहपुर चाल्दा, मलखान सिंह प्रजापति निवासी नावनी सहित उनकी कमेटी के सदस्यों ने जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर दूल्हा-दुल्हन के परिजनों से मनमाफिक रसीद काटकर पैसा वसूला। किसी परिजन से 7.5 हजार तो किसी से 7 हजार रुपए की रसीद देकर उनके बच्चों को अक्षय तृतीया के दिन सम्मेलन में आने का आमंत्रण दे दिया।

अक्षय तृतीया पर सम्मेलन आयोजकों की धोखाधड़ी से हल्दी चढ़े कई दूल्हा-दुल्हनों के नहीं हो सके विवाह

लोगों ने पुलिस को दी मामले की जानकारी, समिति अध्यक्ष और सदस्यों के खिलाफ दर्ज की एफआईआर

मौके पर पहुंचे तो पता चली हकीकत

जब बुधवार को शादी कराने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने रिश्तेदारों को लेकर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर तत्काल समझ आ गया कि उनके साथ ठगी हुई है। कई परिजन तो वहां के हालात देखकर लौट गए और उनके दूसरे पक्ष के लोगों को भी आने से मना कर दिया। इसके बाद कुछ लोगों ने प्रशासन और पुलिस को सूचना देकर समिति सदस्यों पर धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कराया।

इनके साथ हुई ठगी

सौंतेर गांव की धनकुंवर ओर इकोदिया के देवेन्द्र अहिरवार के अलावा खलक सिंह अहिरवार सिमौनिया जिला गुना ,लखन अहिरवार लुधाया चंदेरी, राजेश अहिरवार टोढ़ा नईबस्ती, मलखान सिंह यादव खिरिका टांका, कोमल सिंह सौंतेर, हरपाल सिंह यादव मूढरी सहित एक दर्जन से अधिक वर-वधु के पिताओं ने रसीद बताते हुए कहा कि उनके साथ धोखाधड़ी हो गई है।

सम्मेलन में शादी के लिए पहुंचे परिजनों के साथ खड़ी वधु।

इधर महिल बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

शहर सहित क्षेत्र में पिछले दो माह से सम्मेलन का प्रचार प्रसार आयोजन समिति द्वारा किया जा रहा था। सम्मेलन में कोई बाल विवाह न हो जाए, इसके लिए जिम्मेदार महिला बाल विकास विभाग सजग नहीं रहा। विभाग के परियोजना अधिकारी एस शेखरन से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि सम्मेलन की उनको जानकारी नहीं थी। आयोजन समिति ने प्रचार प्रसार तो किया लेकिन परमीशन न तो पुलिस से ली और न ही प्रशासन से।

विवाह के साथ कथा के नाम से भी वसूली-

आयोजन समिति ने विवाह के साथ भागवत कथा कराने के नाम पर भी वसूली की है। फिलहाल पुलिस ने वर-वधु के परिजनों की शिकायत पर प्रकरण पंजीबद्ध कर धोखाधड़ी करने वालों की खोजबीन शुरू कर दी है।

प्रशासन सामूहिक विवाह सम्मेलन में कराना चाहते थे विवाह लेकिन नहीं मिला वर-वधु के पास बालिग होने का प्रमाणित दस्तावेज

समिति ने 7 हजार रुपए की रसीद काटी थी।

समिति अध्यक्ष सहित मुख्य आयोजकों पर किया प्रकरण पंजीबद्ध

दोनों पक्षों के 100 व्यक्तियों को बफर का दिया था आश्वासन

विवाह कराने के लिए रिश्तेदारों के साथ पहुंचे परिजनों ने बताया कि आयोजकों ने एक पक्ष की तरफ से 50 व्यक्तियों के भोजन का आश्वासन दिया गया था। उनको बताया गया था कि वहां पर बफर सिस्टम रहेगा जितना भोजन करना है कर सकते हो। वहीं इसके अलावा दूल्हा-दुल्हन का पूरा सामान सहित पलंग, गद्दा, बर्तन, बक्सा आदि देने की बात भी आयोजकों ने कही थी।

समिति अध्यक्ष पर मामला दर्ज

शिकायत मिलने पर हम तत्काल मौके पर पहुंचे तब वहां 4 जोड़े मौजूद थे। कितने लोगों के साथ धोखाधड़ी हुई है फिलहाल ये बताना मुश्किल है। आयोजन समिति के अध्यक्ष सहित अन्य लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। जीएस बैरवा, तहसीलदार चंदेरी

खबरें और भी हैं...