गुना | क्षेत्र के आदर्श ग्राम भुलाए में अक्षय तृतीया
गुना | क्षेत्र के आदर्श ग्राम भुलाए में अक्षय तृतीया पर शांतिकुंज हरिद्वार के केंद्रीय प्रतिनिधि श्याम बिहारी दुबे अपनी संगीत टीम के साथ पहुंचे। इसमें श्री दुबे ने प्रवचन देते हुए भगवान परशुराम के अवतरण दिवस पर उनके जीवन के कई प्रसंग सुनाए। देश में हो रही दुराचार की घटनाओं पर कहा कि भगवान परशुराम ने जिस तरह फरसा से दुष्टों का संहार किया था, उसी तरह आज के युवाओं को भी अपने अंदर बैठे दुष्ट रूपी काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार का गायत्री मंत्र से सद्बुद्धि जगाकर और गो दुग्ध पान कर नाश करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गंगा, गायत्री, गाय, गीता और गुरु ये पांचों भारतीय संस्कृति के मूल आधार है। आज का मानव इन्हें भूल बैठा है जिस गंगा के लिए भागीरथ की कई पीढ़ी खत्म हुई और स्वयं ने वर्षों तपस्या कर इस धरती पर अवतरित किया। उसमें स्नान कर अपने पाप धोकर मनुष्य गंदगी डाल रहा है। गायत्री जिन ऋषियों विश्वामित्र, वशिष्ठ, परशुराम आदि ने गायत्री से अनगिनत वरदान पाए और पृथ्वी पर पुनः सतयुग स्थापित किया। उन्होंने कहा कि अगर भारत को फिर से सोने की चिड़िया बनाना है तो और समाज के कल्याण के लिए ये भारतीय संस्कृति के इन पांच आधारों को फिर से प्रतिष्ठित करना पड़ेगा और परिवार निर्माण से ही समाज निर्माण होगा।
समाज से ही देश का निर्माण होगा। इस दौरान उन्होंने गांव में चल रही गतिविधियों व श्रीराम गोशाला में बन रहे उत्पादों की सराहना की। इसमें भुलाए के अलावा एनएफएल, विजयपुर, राघौगढ़, डोंगर, रुठियाई और धरनावदा सहित अन्य जगह के लोग भी शामिल थे।