- Hindi News
- National
- कांग्रेस ने कहा देश में महिलाएं, बच्चियां असुरक्षित अपराधियों को सत्ता का संरक्षण
कांग्रेस ने कहा-देश में महिलाएं, बच्चियां असुरक्षित अपराधियों को सत्ता का संरक्षण
जम्मू-कश्मीर एवं उत्तर प्रदेश में हुई रेप की घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने विरोध जताया। कैंडल मार्च निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं। महिला कांग्रेस का कहना था कि देश में महिलाएं एवं बच्चियां असुरक्षित हैं, और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। इस वजह से यह वारदातें हो रही हैं। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा शहर की आम महिलाएं एवं लोग भी शामिल हुए। शहर कांग्रेस प्रवक्ता पवन जैन बंटी ने बताया कि महिला कांग्रेस एवं समस्त कांग्रेसजनों द्वारा गत शाम जयस्तंभ चौराहे पर एकत्रित होकर कैंडल मार्च निकाला। तत्पश्चात कठुआ में मृत बच्ची को लेकर मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता मोहन रजक ने बताया कि पूरे देश में अराजकता का माहौल है। समूचे देश में महिलाएं एवं बच्चियां असुरक्षित हैं, ऐसे में महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। सत्ता के संरक्षण में भाजपा अपराधियों को पनाह दे रही है। प्रदेश में भी मामा के राज में भांजियां सुरक्षित नहीं हैं।
मौजूदा सरकार पर लगाए आरोप, महिलाएं बोलीं- कड़े कानून के बाद भी हो रहीं वारदातें
यूपी के उन्नाव और जम्मू कश्मीर के कठुआ में बच्चियों के साथ हुई ज्यादती के घटनाओं के विरोध में महिला कांग्रेस ने शहर में कैंडल मार्च निकाला।
विरोध बढ़ता ही जा रहा है
बच्ची के साथ हुए रेप की घटना को लेकर कई सामाजिक संगठन भी विरोध कर रहे हैं। मुस्लिम समाज, दलित संगठन एवं महिला फेडरेशन ने भी एक दिन पहले विरोध जताया था। सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। संगठनों का कहना था कि अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है, इस वजह से वारदातें हो रही है। बेटियों की सुरक्षा को लेकर कड़े कानून के बाद भी वारदात होना, सरकार की नाकामी बताई।
बेटी बचाने की बात करने वालों से अब डर लगने लगा
संगीता रजक ने कहा कि ‘बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओं की बात करने वालों से लोगों को अब डर लगने लगा है कि अपनी बेटियों को घर पर सुरक्षित रखना होगा। देश में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। सरकार ऐसे मामलों में कुछ नहीं कर रही है। ऐसे में महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। सत्ता के संरक्षण में भाजपा अपराधियों को पनाह दे रही है। महिला कांग्रेस ने मांग की कि उन्नाव एवं कठुआ में बलात्कार के मामलों में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो, वहीं पीडि़त परिवार को सरकार पूरी सुरक्षा मुहैया कराए। इस अवसर पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता रजक, गोमती ओझा, राजकुमारी खरे, मुन्नी चंदेल, बबली जैन, ललिता, रानी जैन, कृष्णा जाटव, अनीता जाटव, बिन्नी बाई, शेर बानो, भगवती बाई एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनों उपस्थित थे।