- Hindi News
- National
- आजादी के बाद से किसान की ऐसी दुर्दशा नहीं हुई, जैसी भाजपा शासन में हो रही है : सिंधिया
आजादी के बाद से किसान की ऐसी दुर्दशा नहीं हुई, जैसी भाजपा शासन में हो रही है : सिंधिया
भास्कर संवाददाता|गुना/बमोरी
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आरोप लगाया है कि आजादी के बाद किसानों की ऐसी दुर्दशा कभी नहीं हुई, जैसी कि भाजपा के शासनकाल में हो रही है।केंद्र में बैठी मोदी सरकार हो या राज्य की शिवराज सरकार, दोनों ही सिर्फ अमीरों के लिए ही काम कर रही हैं। किसान अपनी मेहनत से जो उपज पैदा कर रहा है आज उसे बेचने के लिए उसे दर दर भटकना पड़ रहा है। मंगलवार को बमोरी के सुआटोरी गांव में परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए सांसद सिंधिया ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि देशभर में किसान,आदिवासी और दलित प्रताड़ित किए जा रहे हैं। जब से केंद्र में भाजपा की सरकार आई है, तब से यह दमन चक्र शुरू हुआ है और लगातार चल रहा है। उन्होंने कहा कि आज किसानों की जो हालत है उसके लिए पूरी तरह से राज्य व केंद्र सरकार जिम्मेदार हैं। भावांतर जैसी बेतुकी योजनाओं ने किसानों की समस्या को दो गुना कर दिया है। बाजार में उनकी उपज के दाम औंधे मुंह जा गिरे हैं। खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्था है।वहां किसानों की उपज की न तो ठीक तरह से तोल हो रही है, न ही उन्हें सुविधाएं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है। इसमें सभी को शामिल हो जाना चाहिए, जिससे इस दमनकारी सरकार को उखाड़ फेंका जा सके। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे हाथ उठाकर संकल्प लें कि नवंबर में होने वाले चुनाव के दौरान वे प्रदेश की भाजपा सरकार को विदा कर देंगे। सभा में मुरारी लाल धाकड़, वीर बहादुर सिंह यादव, कल सिंह पटेलिया, द्रगपाल सिंह आदि भी मौजूद थे।
रैली में सिंधिया ने किसानों को प्रदेश में बदलाव करने के लिए तैयार रहने को कहा
बमोरी में हुई परिवर्तन रैली में बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
परिवर्तन रैली में विधायक बोले : प्रदेश में बेहाल किसानों की सुनने वाला कोई नहीं
इससे पहले बमोरी के कांग्रेस विधायक महेंद्र सिंह सिसौदिया ने कहा कि बेहाल किसानों की सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्र सिर्फ गुना में बनाया गया है। बमोरी का किसान हजारों रुपए खर्च करके 100 किमी दूर फसलें बेचने जा रहा है। और वहां भी उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। दशहरा मैदान में सैकड़ों किसान धूप में तप रहे हैं। उनके लिए पानी तक का इंतजाम नहीं किया गया। उन किसानों की हालत पूछने के लिए अधिकारी तो दूर भाजपा के नेता तक नहीं पहुंचे। दूसरी ओर भाजपा नेता पंचायत चलो अभियान का ढोंग कर रहे हैं। विधायक ने कहा कि इस बार सांसद श्री सिंधिया के नेतृत्व में मप्र की सत्ता को बदला जाएगा।
हनुमान टेकरी के दर्शन करने पहुंचे सांसद सिंधिया
मंगलवार शाम को सांसद श्री सिंधिया हनुमान टेकरी पहुंचे। उन्होंने वहां दर्शन किए और मंदिर का भ्रमण भी किया। इसके बाद शाम को श्री सिंधिया वाल्मिकी समाज के सम्मेलन में पहुंचे। यहां उन्होंने कहा सिर्फ कांग्रेस ऐसी पार्टी रही है, जिसने हमेशा समाज के सबसे पिछड़े तबके के लिए काम किया है। यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकार और राेजगार गारंटी कानून जैसे प्रावधान लागू किए गए। जबकि भाजपा इन तमाम योजनाओं को कमजोर करने में लगी है, जिससे कि अमीरों को ज्यादा से ज्यादा फायदा पहुंचाया जा सके।