हितग्राहियोंं ने मांग की, अधूरे पीएम आवास की दिलाएं तीसरी किस्त
गुना| शहर के वार्ड क्रमांक 13 के रहवासियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकानों की तीसरी किश्त नहीं मिलने से उनके समक्ष संकट खड़ा हो गया है। आवास योजना की तीसरी किश्त दिलाने की मांग को लेकर वार्ड पार्षद दीपेश पाटनी के नेतृत्व में हितग्राहियों ने सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि करीब 8 माह पूर्व शासन के आदेश के बाद रहवासियों ने अपने मकान तोड़ कर बनवाने का कार्य शुरू किया था। इस दौरान हितग्राहियों को पहली एवं दूसरी किश्त तो मिल गई, लेकिन तीसरी किश्त नहीं मिली। जिसके चलते पिछले कई महीने से हितग्राहियों के मकानों का अधूरा निर्माण कार्य पड़ा है। ऐसे में निकट समय में बारिश आएगी तो उनके समक्ष खासी दिक्कतें पैदा होगी। इस संबंध में हितग्राहियों ने कई बार नपा के चक्कर लगाए लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जबाव नहीं मिला। मांग करने वालों में पुरुषोत्तम कोरी, ओमकार प्रजापति, असलम, हरीश प्रजापति, अशर्फी बाई, राजकुमार बरार, रामसिंह कोरी, नारायणीबाई कोरी, देवीलाल कोरी, राजेंद्र कोरी, गोपाल बरार, शांतिबाई कोरी, रमेश कुमार कोरी, राजमल बरार, रघुवीर बरार, मुस्ताक खान सहित अन्य हितग्राही शामिल हैं।