गुना | जिले में यंत्र-तंत्र बिखरी पड़ी प्राचीन मूर्तियों और पुरा संपदा को एक स्थान पर सहेजकर उनका संरक्षण किया जाएगा। इसके लिए गुना में संग्रहालय स्थापित किया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार को डिप्टी कलेक्टर शिवानी रैकवार की अध्यक्षता में जिला पुरातत्व संघ की बैठक आयोजित की गई। इसमें जिले के पुरा महत्व के स्थलों और पर्यटन स्थलों पर ध्यान देकर उनके विकास और संरक्षण करने का सुझाव दिया। बैठक में सदस्यों ने जिले में पर्यटन स्थल विकसित करने पर भी जोर दिया और इनके प्रति पर्यटकों को आकर्षित करने प्रचार- प्रसार कराने का सुझाव दिया। कुछ सदस्यों ने जिले में विभिन्न स्थलों पर मौजूद भग्नावशेषों को एकत्रित कर गुना में स्थापित होने वाले संग्रहालय में रखने का सुझाव दिया।