गुना-पाड़ौन मार्ग की बद से बदतर स्थिति की वजह से लोगों को सफर मुश्किलों भरा हो रहा है। स्टेट हाईवे नंबर 26 के तहत आने वाली यह सड़क बारिश में उखड़कर बुरी तरह से गड्ढों में बदल गई थी। उसके बाद 55 किमी लंबे इस मार्ग पर विभाग ने निर्माण कार्य शुरू किया था। सड़क की स्थिति सेनवोट से फतेहगढ़ तक 19 किमी और कुंड़का से नाहरगढ़ तक 12 किमी के दायरे ज्यादा खराब थी। पूरी सड़क से डामर और गिट्टी तो दूर 2 फीट तक गहरे और 3 से 4 फीट चौड़े गड्ढे हो गए थे।
3 साल से नहीं कराया पेचवर्क: इस मार्ग का निर्माण मप्र सड़क विकास निगम द्वारा करीब 6 साल पहले कराया गया था। लेकिन बेहद घटिया स्तर के काम की वजह से यह महज 3 साल ही उखड़ गई थी। इसके बाद करीब 3 साल पहले साल कपासी से लेकर कलोरा तक करीब 6 किमी के दायरे में सड़क बहुत ज्यादा खराब होने से इसका पेचवर्क भी कराया गया था। लेकिन वर्तमान समय में करीब चार-पांच माह पूर्व किए गए इस मार्ग के कार्य में ठेका कंपनी ने सड़क पर गिट्टी डालकर निर्माण कार्य रोक देने से ग्रामीणों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गिट्टी डालकर सड़क पर रोलर भी नहीं चलाया गया है। जिससे ग्रामीणों के वाहनों को निकालने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं ग्रामीण का कहना है कि निर्माण कार्य की वर्तमान समय में जो स्थिति है। उससे बारिश में उनकी मुसीबतें बढ़ने वाली हैं। इसका खामियाजा अब बारिश के समय में लोगों को उठाना पड़ेगा। ऐसे में अब एक बार फिर से इस मार्ग पर सफर करने में खासी कठिनाइयां हो रही है। वहीं वाहनों में टूट फूट हो रही है तो दोपहिया वाहन गिट्टियों पर फिसल रहें हैं। वाहनों के टायर गिट्टी लगने से कट फट रहे हैं। लोगों ने शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कर पूर्ण कराए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा-बारिश से पहले कराएं निर्माण कार्य पूरा
55 किमी लंबे इस मार्ग पर विभाग ने निर्माण कार्य शुरू किया था
राजस्थान सहित एक सैकड़ा गांव जोड़ती है सड़क
स्टेट हाईवे 26 के तहत आने वाली उक्त सड़क गुना सहित क्षेत्र के करीब एक सैकड़ा से ज्यादा गांवों को सीधे तौर पर जिला मुख्यालय और राजस्थान के दिल्ली जयपुर हाईवे को जोड़ती है। यह मार्ग पाड़ौन से राजस्थान के नाहरगढ़ व भंवरगढ़ होकर दिल्ली जयपुर फोरलेन हाईवे को जोड़ती है। इसके अलावा बमोरी ब्लॉक और राजस्थान के करीब एक सैकड़ा से ज्यादा गांवों को भी सीधे तौर पर गुना जिला मुख्यालय और राजस्थान के प्रमुख हाईवे पर जोड़ती है। ऐसे में यह सड़क आवागमन के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। लेकिन इसके बाद भी जिम्मेदारों द्वारा इसके निर्माण पर ध्यान नहीं दिया है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर इस तरह से गिट्टी डालकर बिना रोलर चलाए छोड़ दी है।