अनिश्चित कालीन हड़ताल पर बैठे ग्राम रोजगार सहायकों ने कहा
भास्कर संवाददाता| गुना
हमारे संगठन द्वारा की गई मांग और सीएम से मिले प्रतिनिधि मंडल को मप्र सरकार ने हमारा संविलियन कर नियमितीकरण कराने के लिए बार- बार आवेदन दिए, लेकिन अभी तक अमल नहीं किया गया है। ऐसे में मजबूरी में हमें काम बंद करके बेमियादी हड़ताल शुरू करना पड़ी है। यह कहना है कि ग्राम रोजगार सहायक संघ का। दरअसल संविलियन और नियमितीकरण की मांग को लेकर ग्राम रोजगार सहायक संघ की गुना जिला इकाई के बैनर तले जिलेभर की सभी 425 ग्राम पंचायतों में कार्यरत ग्राम रोजगार सहायकों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। संविलियन और नियमितीकरण की मांग को लेकर रोजगार सहायक बीती 15 मई से हड़ताल कर रहे हैं। हड़ताल के चौथे दिन शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सहायक पुरानी कलेक्टोरेट के बाहर धरने पर बैठे रहे। इस दौरान विभिन्न वक्ताओं और नेताओं ने अपनी मांगों को दोहराते हुए अपनी आवाज बुलंद की। हड़ताली ग्राम रोजगार सहायकों ने बताया कि हड़ताल के कारण पंचायतों में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय निर्माण, असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के सत्यापन आदि के काम प्रभावित हे रहे हैं। हड़ताल के दौरान हर ब्लॉक स्तर पर यह प्रदर्शन हो रहे हैं। शुक्रवार को धरना एवं प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सहायक शामिल हुए।