शहर के लोग बोले- अब क्या बनारस जैसी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है रेलवे
बनारस में हुई रेलवे ओवरब्रिज की दुर्घटना से भी रेलवे और जिला प्रशासन सीख नहीं ले रहा है। शहर का मुख्य रेलवे ओवरब्रिज खस्ताहाल है।
आए दिन दो पहिया, चार पहिया वाहन चालक यहां बने डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। हर दूसरे दिन अनियंत्रित होकर वाहन ओवरब्रिज के बीचों बीच बने डिवाइडर पर चढ़ रहे हैं, लेकिन न रेलवे और न ही जिला प्रशासन इस ओर ध्यान दे रहा है। रेलवे को शहर में बनारस जैसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार है। यदि शीघ्र शहर के ओवरब्रिज का मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो शहर जनहित के इस मुद्दे पर शहर कांग्रेस जनांदोलन करेगी। यह बात शहर कांग्रेस प्रवक्ता पवन जैन बंटी ने खस्ताहाल ओवरब्रिज की मरम्मत कराने की मांग करते हुए कही। इस दौरान श्री जैन ने बनारस में रेलवे फ्लाइओवर ब्रिज के निर्माण के दौरान हुई दुर्घटना में मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए सरकार से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। शहर कांग्रेस ने नगर के क्षतिग्रस्त होते हुए ओवरब्रिज की मरम्मत पर रेलवे और जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराते हुए तत्काल इसकी मरम्मत कराने की मांग की। शहर कांग्रेस प्रवक्ता श्री जैन के अनुसार सालों से शहर का यह रेलवे ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त हो रहा है। लेकिन बार- बार मांग उठाने के बाद रेलवे इसकी ओर ध्यान नहीं दे रहा है। जबकि इसकी मरम्मत के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है तो क्या रेलवे किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।
ओवरब्रिज पर हुए गड्ढे
श्री जैन के मुताबिक मरम्मत नहीं होने से ओवरब्रिज पर बड़े- बड़े गड्ढे हो गए हैं। उसमें से सरिया निकल आए हैं। जिसके चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। वहीं क्षतिग्रस्त डिवाइडर से वाहनों में टूटफूट हो रही है। वहीं ओवरब्रिज की दरार दिनों दिन लगातार चौड़ी होती जा रही है। रेल लाइन के ठीक ऊपर तो ओवरब्रिज खतरनाक स्थिति में क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।