कार्रवाई में हाथ ठेला संचालकों ने भेदभाव के आरोप लगाए
भास्कर संवाददाता | गुना
नगरपालिका और ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार शाम शहर में अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की जिसमें पक्षपात को लेकर एक ठेले वाले से विवाद हो गया। आखिर में टीम को उसे छोड़कर आगे बढ़ना पड़ा। दरअसल नगरपालिका परिषद गुना और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम शुक्रवार शाम 6 बजे शहर के शास्त्री पार्क से लक्ष्मीगंज व सदर बाजार में सड़कों किनारे लगने वाले फल और चाट के ठेलों पर कार्रवाई करने गई थी। टीम ने शुरुआत में ही कार्रवाई में भेदभाव और पक्षपात किया। कार्रवाई के दौरान किसी ठेले वाले को हिदायत देकर छोड़ा जा रहा था तो किसी पर जुर्माने की रसीद काटकर ठेले हटवाएं जा रहे थे। यह देख कुछ ठेले वाले पक्षपात और भेदभाव की कार्रवाई को लेकर आपस में बात करते हुए नाराजगी जाहिर कर रहे थे, तभी टीम आगे बढ़कर लक्ष्मीगंज में एक चाट के ठेले पर जैसे ही कार्रवाई करने टीम पहुंची, ठेले वाला टीम पर भड़कते हुए उलझ गया। उसके टीम पर पक्षपात के आरोप लगाते हुए साफ कह दिया कि पहले एक तरफ से सभी को हटाना शुरू करो, तब मेरे ठेले तक आना। काफी देर तक बहस हुई, आखिर में ट्रैफिक पुलिस की महिला सब इंस्पेक्टर ने उसे शांत किया और टीम आगे बढ़ गई।