दशहरा मैदान में किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को खड़ा करवाया जा रहा है। इनमें से कई किसान एेसे हैं जो चार दिन से यहीं हैं।
नानाखेड़ी मंडी में थे तीन केंद्र, ट्राॅलियां ज्यादा होने से लगता था जाम, नहीं हो पाती थी तुलाई
धरने के दौरान पुलिस बल पहुंचा पर किसान नहीं उठे, व्यवस्थाएं बदलीं तब माने
भास्कर संवाददाता | गुना
नानाखेड़ी मंडी में तुलाई के समय ट्रैक्टर-ट्राॅली की ज्यादा संख्या होने से हर रोज जाम तो लग ही रहा है साथ ही किसानों की फसल समय पर नहीं तुल पा रही है। इससे उन्हें तीन दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। तुलाई न होने से परेशान किसान शुक्रवार को कलेक्टर बंगले पर पहुंच गए और वहीं पर धरना दे दिया। हालांकि कुछ समय बाद अधिकारी पहुंचे और बमोरी खरीदी केंद्र को बीज निगम में शिफ्ट कर दिया। इससे किसानों ने राहत की सांस ली, उनका कहना था कि एक ही जगह 3 केंद्र होने से तुलाई नहीं हो पा रही है।
लंबे समय से मंडी में तुलाई को लेकर समस्या आ रही है। हालांकि इसमें सुधार तो किए गए, लेकिन इसके बाद भी कोई असर नहीं हुआ। शुक्रवार दोपहर हंगामा हुआ, कुछ ट्राॅली खरीदी केंद्र तक पहुंच गईं, पर उनका नंबर नहीं आया था। बस क्या था इससे जाम लग गया। किसानों में ही विवाद शुरू हो गया। इसके बाद कैंट, कोतवाली का बल मौके पर पहुंचा और किसानों को शांत कर जाम खुलवाया।
किसान कलेक्टर बंगले के सामने धरने पर बैठे तो बमोरी केंद्र को किया शिफ्ट
इस समय सभी ट्रॉलियां दशहरा मैदान में खड़ी की जा रही हैं, वहीं से टोकन नंबर से बुलाया जा रहा है
यह होगा फायदा
बीज निगम में बमोरी केंद्र शिफ्ट होने से मंडी में अफरा-तफरी खत्म होगी। क्योंकि नानाखेड़ी मंडी में अभी गुना, छीपोन और बमोरी केंद्र चल रहे थे। एक केंद्र कम होने से यहां किसान नहीं पहुंचेंगे। हर दिन बमोरी के 300 से ज्यादा किसान आते हैं। इतने ही गुना और अन्य केंद्र के होते हैं। इस वजह से जाम लगना, तुलाई समय पर न होना, तुलाई के लिए नंबर न आना सहित कई समस्याएं आती हैं। बीज निगम में केंद्र शिफ्ट होने से एबी रोड पर भी जाम की स्थिति बन सकती है।
तहसीलदार काे अपनी समस्या बताते किसान।
किसानों से कलेक्टर ने बात की तब शिफ्ट किया केंद्र
बमोरी खरीदी केंद्र मंडी से बीज निगम में शिफ्ट कर दिया है। यहां पर तत्काल 4 कांटे चालू कर दिए गए, यहां खरीदी भी शुरू हुई। उधर मंडी ने बीज निगम में टेंट, कंप्यूटर सहित अन्य व्यवस्थाएं कराईं।
अब एबी रोड पर व्यवस्था संभालनी होगी
मंडी समिति ने पानी, शेड सहित अन्य इंतजाम किए
मंडी सचिव रियाज अहमद ने बताया कि मंडी पर 3 केंद्रों पर हमने शेड, पानी और अन्य सारे इंतजाम किए हैं। इसके अलावा मंडी ने दशहरा मैदान में भी टेंट लगवाया और अब बीज निगम में भी यही सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
दशहरा मैदान में ही होंगे खड़े
जो 3 खरीदी केंद्र हैं, वहां आने वाले ट्रैक्टर-ट्राॅली सीधे दशहरा मैदान में पहुंचेंगे। उन्हें वहां नंबर आने की सूचना दी जाएगी। इसके बाद ही संबंधित केंद्र पर किसान उपज लेकर पहुंचेंगे।
कई दिन से हो रहा है किसानों से विवाद
मंडी में कई दिन से विवाद हो रहा है, दो दिन पहले किसान झगड़े थे, इन्हें पुलिस भी लेकर आई थी। लेकिन बाद में समझाइश के बाद छोड़ा गया। गुरुवार को भी विवाद की स्थिति मंडी किसान कलेक्टर से मिलने पहुंचे थे और समस्या बताई थी। इसके बाद कलेक्टर ने 1 खरीदी केंद्र शिफ्ट किया।