गुना | कुंभराज में 11 मई को हुए तनाव के बाद स्थितियों में तो सुधार हो गया, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से अब भी बल तैनात है। पिछले एक सप्ताह से जो लोग ड्यूटी दे रहे थे, उनकी जगह दूसरा बल भेजा गया। इस मामले में सिर्फ एक पक्ष की गिरफ्तारी हुई है। इससे दूसरे पक्ष में नाराजगी है।
11 मई को कुंभराज में जुमे की नमाज के बाद विवाद हुआ था। कुछ शरारती तत्वों ने एक महिला के साथ अभद्रता की थी। इसके बाद पूरे मामले को नया रंग दे दिया। एक पक्ष के लोगों ने जब इस पर एेतराज जताया तो उनकी दुकानें जला दी गई, लोगों के साथ मारपीट की गई। शरारती तत्वों की यह हरकत वीडियो में भी कैद हो गई थी। इसके बाद भी इन तत्वों पर सख्त कार्रवाई नहीं हो पाई है। इस वजह से पुलिस, प्रशासन के प्रति लोगों में नाराजगी है।
स्थिति संभल चुकी है, लेकिन फिर भी नजर रखी जा रही है। कुंभराज में पुलिस अधिकारी एवं बल तैनात है। 8 दिन ड्यूटी देने वाले बल को वापस बुलाया और उसकी जगह दूसरा बल भेज दिया है।