भाजपा सरकार ने बनाई गांव-गरीब किसानों के लिए लाभकारी योजनाएं
भास्कर संवाददाता| गुना/ बमोरी
प्रदेश की सरकार को केंद्र सरकार की तरफ से कृषि कर्मठ पुरस्कार केंद्र सरकार द्वारा पिछले पांच साल से दिया जा रहा है, इसका श्रेय राज्य के किसानों को जाता है। इसलिए राज्य सरकार ने किसानों के सम्मान में गांव गांव यात्रा निकाली है।
इस आशय की बात किसान सम्मान यात्रा के समापन अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री केएल अग्रवाल ने ग्राम हरीपुर में कही। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रुप में भाजपा जिलाध्यक्ष मौजूद थे। पूर्व मंत्री ने कहा अब तक की भाजपा सरकारें ही ऐसी है जिन्होंने गांव गरीब और किसान की चिंता करती हैं।
अटल विहारी बाजपेयी सरकार ने गांव-गांव प्रधानमंत्री सड़क पहुंचाई, किसान क्रेडिट कार्ड बनवाकर किसानों को साहूकारों के चंगुल से मुक्त किया। शिवराज सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड पर ब्याज जीरो प्रतिशत कर दिया। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना तैयार की है। इसके तहत 2022 तक कोई भी व्यक्ति आवासहीन नहीं रहेगा। कार्यक्रम को जिला उपाध्यक्ष बलवीर सिंह रघुवंशी ने भी संबोधित किया। इस मौके पर यात्रा के प्रभारी रामजीलाल धाकड़ ने यात्रा का वृत रखा। उन्होंने बताया कि यात्रा लगभग 137 गांवों में पहुंची।