2011 बैच के बी. विजय दत्ता होंगे नए कलेक्टर
गुना | 2 साल 3 माह का कार्यकाल पूरा करने के बाद कलेक्टर राजेश जैन का तबादला हो गया। रविवार को जारी हुए आदेश के मुताबिक उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। उनकी जगह 34 वर्षीय आईएएस बी. विजय दत्ता को कलेक्टर बनाया गया है, जो वर्तमान में लोक निर्माण विभाग के उपसचिव हैं। 2011 बैच के श्री दत्ता की कलेक्टर के रूप में यह पहली पोस्टिंग है। इससे पहले 2015 में वे भिंड जिला पंचायत के सीईओ पद रहते हुए चर्चाओं में आए। उन्होंने उस समय नकल माफिया पर सख्त कार्रवाई की। बाद में वे बालाघाट में सीईओ रहे। वहीं अपने 2012 में कॅरियर की शुरुआत में वे सबसे पहले रीवा में संयुक्त कलेक्टर बनाए गए थे।
पीएम से रूबरू होने का मौका नहीं मिला : अप्रैल के अंतिम हफ्ते में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मप्र के 7 उन जिलों के कलेक्टरों से रूबरू होंगे, जिन्हें नीति आयोग ने विकास आकांक्षी जिला माना है। गुना की स्थिति इनमें सबसे खराब थी। कलेक्टरों को आगामी साल की पूरी विकास योजना बनाकर पीएम के सामने प्रजेंटेशन देना था। अब श्री जैन की जगह संभवत: नए कलेक्टर ही उस बैठक का हिस्सा बन पाएंगे।