गोरकापार गांधी चौक निवासी वार्ड पांच की पंच कुंतीबाई पति कन्हैया लाल चंद्राकर (62) की अज्ञात जहरीले जीव के काटने से इलाज के दौरान गुंडरदेही अस्पताल में सुबह नौ बजे मौत हो गई। घटना के बाद कुंतीबाई के साथ आए परिजन व लोगों ने डाॅक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाकर चार घंटे तक हंगामा किया।
डाॅक्टर पुष्पेन्द्र अग्रवाल का कहना था कि महिला को सांप या चूहा या फिर किसी और जीव ने काटा इसकी पुष्टि ही नहीं हुई थी। इसलिए सीधा एंटी स्नेक वेनम नहीं लगाया गया था। अंत में पुष्टि नहीं होने के बाद भी जान बचाने के इरादे से लगाया। तब तक हार्ट फेल होने से उसकी मौत हो गई। मृतका के बेटे राजकुमार ने बताया कि सुबह सात बजे उनकी मां घर के कमरे में बने आलमारी में चूहों के बिल को मिट्टी से भर रही थी। तभी किसी अज्ञात जीव ने काट दिया। मां को लगा कि शायद चूहे ने काटा है। इसके बाद वह समान्य स्थिति में थी। कोई खतरा न हो इस डर से परिजन उन्हें 7.30 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिदा ले गए। जिसके बाद डाॅक्टरों ने उन्हें 8.20 को गुंडरदेही शिफ्ट कर दिया। नौ बजे मौत हो गई। ग्रामीणों ने दोपहर एक बजे तक हंगामा किया। पुलिस ने मुआवजा दिलाने आश्वस्त किया तब जाकर ग्रामीण शांत हुए।
कुंतीबाई